हर दिन महिला का दिन परिवार से प्रगति तक, महिला ही समाज की असली शक्ति
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च पर विशेष
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, शनिवार 7 मार्च 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। 8 मार्च को विश्वभर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। यह दिन महिलाओं के सम्मान, उनके अधिकारों और उनकी उपलब्धियों को समर्पित है। लेकिन भारतीय संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं में देखा जाए तो यहां हर दिन महिला का ही दिन होता है। हर घर की सुबह महिला के उठने से शुरू होती है और दिन उसके विश्राम के बाद ही पूर्ण होता है। भारतीय संस्कृति में महिला को देवी का स्वरूप माना गया है। नवरात्रों के पावन पर्व में नौ दिनों तक शक्ति की आराधना करके हम यह स्वीकार करते हैं कि समाज की वास्तविक शक्ति महिला ही है। यह हमारी परंपरा का हिस्सा है कि महिला को सृजन, संवेदनशीलता और संस्कारों की आधारशिला माना जाता है। समय के साथ बदलते आधुनिक समाज में महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रिम पंक्ति में खड़ी दिखाई देती हैं। परिवार की जिम्मेदारियों को निभाते हुए अपनी पहचान बनाना ही आज के महिला दिवस की सच्ची भावना है। साइकिल चलाने से लेकर हवाई जहाज उड़ाने तक का सफर, टाइपराइटर पर उंगलियां चलाने से लेकर आधुनिक सॉफ्टवेयर बनाने तक का सफर, रसोई के मसालों से घरेलू उपचार करने से लेकर सफल चिकित्सक बनने तक का सफर ये सभी उदाहरण महिलाओं के संघर्ष, आत्मविश्वास और अटूट धैर्य की कहानी कहते हैं।
आज का भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इस यात्रा में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन, राजनीति, व्यापार, खेल और सामाजिक सेवा—हर क्षेत्र में महिलाएं अपनी प्रतिभा और क्षमता से नए आयाम स्थापित कर रही हैं। एक सशक्त, शिक्षित और आत्मनिर्भर महिला न केवल परिवार को मजबूत बनाती है, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला भी रखती है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस हमें यह याद दिलाता है कि महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और सुरक्षित वातावरण देना केवल सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की अनिवार्य आवश्यकता भी है। आज आवश्यकता है कि हम महिलाओं के योगदान को सम्मान दें, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करें और ऐसा समाज बनाएं जहां हर महिला निर्भय होकर अपने सपनों को साकार कर सके। महिला केवल परिवार की धुरी नहीं, बल्कि राष्ट्र की प्रगति की दिशा तय करने वाली शक्ति है।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें