ग्रासरूट स्तर पर तैयार होंगे विश्वस्तरीय खिलाड़ी

शब्दवाणी सम्माचार टीवी, शुक्रवार 23 जनवरी 2026 (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। भारतीय गोल्फ को नई दिशा देने की पहल करते हुए इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग (आईजीपीएल) ने भारतीय गोल्फ संघ (आईजीयू), प्रोफेशनल गोल्फर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (पीजीएआई) और द गोल्फ फाउंडेशन (टीजीएफ) के सहयोग से ‘गोल्फ ग्रोथ इनिशिएटिव’ का शुभारंभ किया। दिल्ली गोल्फ क्लब में आयोजित कार्यक्रम में टेनिस जगत के दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस की मौजूदगी में इस महत्वाकांक्षी योजना की औपचारिक घोषणा की गई। यह पहल भारतीय गोल्फ के विकास में एक बड़ा बदलाव मानी जा रही है, जिसके तहत खेल को पारंपरिक अकादमियों से आगे बढ़ाकर सीधे स्कूलों और खेल के मैदानों तक पहुंचाया जाएगा। इसका उद्देश्य देश के हर कोने से उभरती प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें शुरुआती स्तर से ही विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान करना है, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल कर सकें।

इस व्यापक कार्यक्रम के तहत भारतीय गोल्फ के दिग्गज खिलाड़ी जीव मिल्खा सिंह, ज्योति रंधावा, शिव कपूर, गगनजीत भुल्लर, एसएसपी चौरसिया और गौरव घई युवा खिलाड़ियों को मेंटरशिप देंगे। आईजीपीएल ने ग्रासरूट स्तर पर प्रतिभा की खोज और विकास को मजबूत करने के लिए द गोल्फ फाउंडेशन के साथ रणनीतिक साझेदारी की भी घोषणा की है। आईजीपीएल ने यह भी स्पष्ट किया कि इस वर्ष से ओडिशा, गुरुग्राम और आंध्र प्रदेश में अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। ये केंद्र क्षेत्रीय हब के रूप में कार्य करेंगे, जहां कच्ची प्रतिभा की पहचान कर उन्हें पेशेवर स्तर की सुविधाएं, कोचिंग और प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्रदान किया जाएगा। इस पहल के तहत स्कूलों में इंटरएक्टिव गोल्फ सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे हजारों छात्र पहली बार इस खेल से जुड़ सकेंगे। इस सहयोगात्मक प्रयास में आईजीयू, पीजीएआई, स्कूल और कॉर्पोरेट साझेदार शामिल हैं, ताकि प्रतिभा की पहचान एक संगठित और मजबूत ढांचे के तहत की जा सके।

आईजीपीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी उत्तम सिंह मुंडी ने कहा कि भारतीय गोल्फ तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब समय आ गया है कि ऐसी पीढ़ी तैयार की जाए जो विश्व स्तर पर अपना वर्चस्व स्थापित कर सके। उन्होंने कहा कि खेल को स्कूलों और मैदानों तक ले जाना इसलिए जरूरी है ताकि कोई भी प्रतिभा पीछे न रह जाए। उन्होंने इसे एक सामूहिक प्रयास बताते हुए कहा कि इस दिशा में अमित लूथरा के फाउंडेशन और भारतीय गोल्फ संघ के साथ मिलकर काम किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का एक प्रमुख आधार ३६० डिग्री मेंटरशिप मॉडल है, जिसके तहत युवा खिलाड़ी भारतीय गोल्फ आइकॉन के साथ प्रशिक्षण और खेल का अनुभव प्राप्त करेंगे। शिव कपूर और गगनजीत भुल्लर जैसे दिग्गज खिलाड़ी उभरती प्रतिभाओं को सक्रिय रूप से मार्गदर्शन देंगे, ताकि वे वैश्विक प्रतिस्पर्धाओं के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें। भारतीय गोल्फ के दिग्गज और आईजीपीएल आइकॉन खिलाड़ी जीव मिल्खा सिंह ने कहा कि देश में गोल्फ के विकास के लिए अगली पीढ़ी को सही दिशा और संरचित मार्गदर्शन देना बेहद जरूरी है। उनके अनुसार यह पहल युवा खिलाड़ियों के सीखने की प्रक्रिया को तेज करेगी और उनमें यह विश्वास जगाएगी कि वे दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को चुनौती दे सकते हैं। टेनिस आइकॉन लिएंडर पेस ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों में विश्व स्तर पर जीतने की पूरी क्षमता है। उन्होंने कहा कि आईजीपीएल के साथ उनकी साझेदारी का उद्देश्य गोल्फ में ओलंपिक स्तर की सोच और ढांचा तैयार करना है, जहां प्रतिभा की पहचान कम उम्र में हो और उसे बेहतरीन संसाधन व प्रशिक्षण मिले।

भारतीय गोल्फ संघ के महानिदेशक मेजर बिभूति भूषण ने इस पहल को भारतीय गोल्फ के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि जब तक गोल्फ स्कूलों, सरकारी विद्यालयों, टियर दो, टियर तीन शहरों और गांवों तक नहीं पहुंचेगा, तब तक बड़ी प्रतिभाएं सामने नहीं आएंगी। उन्होंने कहा कि आईजीयू इस पहल का पूरा समर्थन करता है, क्योंकि यह ग्रासरूट स्तर की रुचि को पेशेवर मार्गदर्शन से जोड़ती है। द गोल्फ फाउंडेशन के संस्थापक अमित लूथरा ने कहा कि आईजीपीएल के साथ साझेदारी से देशभर में बड़े पैमाने पर गोल्फ को स्कूलों और मैदानों तक पहुंचाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इस पहल का लक्ष्य बाधाओं को दूर कर यह सुनिश्चित करना है कि देश के किसी भी कोने से अगला वैश्विक चैंपियन उभर सके। आईजीपीएल गोल्फ डेवलपमेंट प्रोग्राम को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। ओडिशा, गुरुग्राम और आंध्र प्रदेश में स्थापित होने वाले नए प्रशिक्षण केंद्र इस वर्ष इसकी शुरुआत करेंगे और भारत में गोल्फ के दीर्घकालिक विकास के लिए मजबूत नींव तैयार करेंगे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

असंगठित श्रमिकों के अधिकारों पर राष्ट्रीय मंथन

प्रदूषण कम करने में किसानो का बड़ा योगदान होगा : बंकरमैन श्रीपाल

Healthcare से Solar Energy तक Mohammad Zeeshanul Haque ने बनाई सफलता और नवाचार की नई पहचान