भगवान निषादराज गुहाराज की भव्य प्रतिमा स्थापना हेतु वासुदेव घाट पर उठी मांग

शब्दवाणी सम्माचार टीवी, शनिवार 23 मई 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। निषाद 18 करोड़ जनता का परिवार की ओर से दिल्ली के नव विकसित वासुदेव घाट पर पूज्यनीय भगवान निषादराज गुहाराज की भव्य प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में संगठन के पदाधिकारियों ने संबंधित प्रशासन एवं सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है। संगठन की ओर से जारी निवेदन में कहा गया है कि मार्च 2024 में उद्घाटित वासुदेव घाट आज दिल्ली के प्रमुख सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं पर्यटन स्थलों में अपनी पहचान बना रहा है। यमुना तट पर विकसित यह स्थल स्वच्छता, विरासत और आध्यात्मिकता के समन्वय का प्रतीक बन चुका है। ऐसे ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थल पर भगवान निषादराज गुहाराज की प्रतिमा की स्थापना सामाजिक सम्मान और सांस्कृतिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। निवेदन में कहा गया कि भगवान निषादराज गुहाराज केवल निषाद समाज के आराध्य ही नहीं, बल्कि मर्यादा, मित्रता, समरसता और लोकधर्म के प्रतीक हैं। उनका जीवन समाज को समानता, सम्मान और मानवीय बंधुत्व का संदेश देता है।

संगठन ने प्रतिमा स्थापना के समर्थन में कई महत्वपूर्ण बिंदु रखे हैं। उनका कहना है कि इससे देश की लगभग 18 करोड़ निषाद जनता की आस्था और सम्मान को नई पहचान मिलेगी। साथ ही दिल्ली एवं एनसीआर में निवास करने वाले निषाद एवं कश्यप समाज के लोगों के लिए यह स्थल सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा। इसके अतिरिक्त यमुना तट की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊँचाई मिलेगी तथा सामाजिक समरसता एवं वंचित परंपराओं के सम्मान का संदेश राष्ट्रीय स्तर पर जाएगा। संगठन का मानना है कि भगवान निषादराज गुहाराज की प्रतिमा स्थापित होने से वासुदेव घाट दिल्ली के सांस्कृतिक मानचित्र पर एक विशिष्ट पहचान प्राप्त करेगा। निषाद 18 करोड़ जनता का परिवार ने सरकार एवं प्रशासन से मांग करते हुए कहा है कि वासुदेव घाट परिसर में भगवान निषादराज गुहाराज की भव्य प्रतिमा स्थापना हेतु आवश्यक निर्णय लेकर इस ऐतिहासिक मांग को स्वीकार किया जाए। इस अवसर पर जत्थेदार अवतार सिंह, अध्यक्ष दिल्ली एवं पूर्व महापौर ने कहा कि पूरा निषाद समाज सरकार के सकारात्मक निर्णय का सदैव आभारी रहेगा और यह कदम सामाजिक समरसता को और अधिक मजबूत करेगा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

असंगठित श्रमिकों के अधिकारों पर राष्ट्रीय मंथन