अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पहलवानों के साथ गूंजा योग का संदेश
पद्मश्री चांद ग्राम ऑडिटोरियम में हुआ भव्य आयोजन
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, मंगलवार 23 जून 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पद्मश्री चांद ग्राम ऑडिटोरियम में पहलवानों, खिलाड़ियों और समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता के साथ भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उपस्थित पूर्व महापौर डॉ.जत्थेदार अवतार सिंह ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मन, मस्तिष्क और आत्मा को भी संतुलित एवं सशक्त बनाता है। योग व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के समग्र विकास का प्रभावी माध्यम है तथा सकारात्मक परिवर्तन की नई संभावनाओं को जन्म देता है। उन्होंने कहा कि आज योग विश्वभर में करोड़ों लोगों की जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। भारत की इस प्राचीन और अमूल्य धरोहर ने पूरी दुनिया को स्वास्थ्य, शांति और संतुलन का मार्ग दिखाया है। डॉ. अवतार सिंह ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सतत प्रयासों और पहल के कारण योग ने वैश्विक स्तर पर जन-आंदोलन का रूप लिया है। आज दुनिया के लगभग सभी देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जाता है जो भारत की सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक परंपरा का गौरवपूर्ण परिचय है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अंतर्राष्ट्रीय महिला कुश्ती खिलाड़ी पूनम काली रमन ने की। उन्होंने खिलाड़ियों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि योग शारीरिक फिटनेस, मानसिक एकाग्रता और आत्मविश्वास बढ़ाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। खिलाड़ियों के लिए योग प्रदर्शन सुधारने और तनावमुक्त रहने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी, जिला चांदनी चौक ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष देवेंद्र यादव** भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने योग को स्वस्थ भारत और सशक्त भारत के निर्माण का आधार बताते हुए सभी नागरिकों से इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों, खिलाड़ियों और पहलवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, ऊर्जा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का विशेष माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम का समापन योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त समाज के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।






टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें