शादी का झांसा देकर 5 साल तक शोषण, गर्भवती युवती से लूटपाट व मारपीट
एफआईआर दर्ज न होने से पीड़िता दर-दर भटकने को मजबूर
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, रविवार 26 अप्रैल 2026, अजय कुमार, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), बाँदा। जनपद में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर 5 वर्षों तक शारीरिक शोषण किया गया। आरोप है कि आरोपी ने न केवल युवती के साथ धोखाधड़ी की, बल्कि गर्भवती होने के बावजूद उसे मारपीट कर घर से भगा दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता अंजली (पुत्री किशोर), निवासी पिंपरी-चिंचवड़, जिला पुणे (महाराष्ट्र), ने बताया कि उसकी पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए भूपेन्द्र नामक युवक से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए और पूर्व में जबरन गर्भपात भी कराया। वर्तमान में पीड़िता करीब 5 माह की गर्भवती है। आरोप के मुताबिक 20 अप्रैल 2026 को आरोपी उसे बहला-फुसलाकर पुणे से झांसी लेकर आया और झांसी रेलवे स्टेशन पर उसके सोने के आभूषण (झुमकी व मंगलसूत्र), करीब 20 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन तथा आधार कार्ड लेकर फरार हो गया। पीड़िता ने झांसी जीआरपी थाना में शिकायत की, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद वह थाना मटौंध, जिला बाँदा पहुंची, जहां आरोपी को बुलाकर समझौते के नाम पर छोड़ दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि बाद में आरोपी और उसकी मां ने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से भगा दिया और दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी। रात भर रेलवे स्टेशन पर गुजारने के बाद पीड़िता ने महिला थाना बाँदा व उच्च अधिकारियों से भी गुहार लगाई, लेकिन अब तक उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें