प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 12 वर्षों की उपलब्धियों पर गुरुद्वारा बांग्ला साहिब में अरदास
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, वीरवार 11 जून 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान देश में जनकल्याण, सुशासन, विकास एवं राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में हुए कार्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सिख समाज के प्रतिनिधियों द्वारा ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बांग्ला साहिब में विशेष अरदास का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर शक्ति प्रदान करने की कामना की गई। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद भाई तरुण चुघ ने गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन हजूरी में मत्था टेककर देश की उन्नति एवं प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए अरदास की। उन्होंने उपस्थित संगत को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा देशहित में किए गए विभिन्न विकास कार्यों, सामाजिक कल्याण योजनाओं तथा राष्ट्र निर्माण के प्रयासों का उल्लेख किया।
कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व मेयर डॉ.जत्थेदार अवतार सिंह, अध्यक्ष, अखिल भारतीय आदिवासी कश्यप कहार निषाद भोई समन्वय समिति (दिल्ली प्रांत) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और सामाजिक समरसता के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न वर्गों के उत्थान एवं समाज के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की व्यापक सराहना हो रही है। उन्होंने कहा कि सिख समाज भी देश के विकास और प्रगति में अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहा है तथा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राष्ट्रहित एवं समाजहित से जुड़े अनेक कार्यों के प्रति समाज में सकारात्मक भावना दिखाई देती है। कार्यक्रम का समापन देश की सुख-समृद्धि, सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और विश्व शांति की कामना के साथ सामूहिक अरदास द्वारा किया गया।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें