सर्वसम्मति से हुआ निमी बिहार छठ पूजा समिति का गठन
छठ पूजा महोत्सव के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों को बढ़ावा देने का संकल्प
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, वीरवार 10 सितम्बर 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), गौतमबुद्ध नगर। सेक्टर-89, नोएडा स्थित निमी बिहार में छठ पूजा महोत्सव को भव्य, व्यवस्थित एवं कुशल प्रबंधन के साथ आयोजित करने को लेकर स्थानीय निवासियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में निमी बिहार के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सर्वसम्मति से निमी बिहार छठ पूजा समिति का गठन किया। बैठक में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का सर्वसम्मति से चयन किया गया। संतोष कुमार को अध्यक्ष, चंदन कुमार को उपाध्यक्ष, विनोद कुमार दुबे को सचिव, विवेकानंद सिंह को सह सचिव, कृपाल कुमार को कोषाध्यक्ष तथा जितेंद्र को उप कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं कुणाल, रमेश राय एवं राकेश प्रकाश शुक्ला को समिति का सदस्य तथा डॉ. विश्वनाथ मिश्रा को वरिष्ठ सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने समिति द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया। बैठक में समिति के गठन के उद्देश्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। समिति का प्रमुख उद्देश्य निमी बिहार में छठ पूजा महोत्सव का सुचारु एवं भव्य आयोजन करने के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। इसके अलावा समिति क्षेत्र में समाजसेवा, जनकल्याण एवं सामाजिक एकता से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता देगी। समिति के गठन से निमी बिहार के निवासियों में उत्साह का माहौल है। लोगों ने उम्मीद जताई कि नई समिति के सामूहिक प्रयासों से आगामी छठ पूजा महोत्सव श्रद्धा, आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का भव्य संगम बनेगा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें