दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर मंथन तेज, राकेश प्रजापति सबसे आगे
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, रविवार 3 मई 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच गहन मंथन जारी है। आगामी समय में दिल्ली संगठन की कमान ऐसे ऊर्जावान, जुझारू और सक्रिय कार्यकर्ता को सौंपे जाने पर विचार किया जा रहा है, जो पार्टी को नई दिशा और मजबूती दे सके। प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में कई प्रमुख नाम चर्चा में हैं। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा का नाम एक बार फिर प्रमुख दावेदार के रूप में सामने आ रहा है। वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा भी जातीय समीकरणों के आधार पर मजबूत दावेदारी रखते हैं। इसके अलावा, सांसद योगेंद्र चंदोलिया (एससी वर्ग) और प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव बब्बर (ओबीसी वर्ग) के नाम भी चर्चा में बने हुए हैं। इसी क्रम में दिल्ली भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश प्रजापति का नाम तेजी से उभरकर सामने आया है। संगठन में उनकी सक्रियता, अनुभव और विभिन्न वर्गों में पकड़ को देखते हुए उन्हें इस दौड़ में सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, पार्टी नेतृत्व जातीय और सामाजिक संतुलन के साथ-साथ संगठनात्मक क्षमता को ध्यान में रखते हुए अंतिम निर्णय लेगा। प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा जल्द ही किए जाने की संभावना है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि राकेश प्रजापति वर्तमान परिस्थितियों में सबसे आगे चल रहे हैं और यदि संगठन की सहमति बनी, तो उन्हें दिल्ली भाजपा की कमान सौंपी जा सकती है।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें