मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक

शब्दवाणी सम्माचार टीवी, मंगलवार 31 मार्च 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। राजधानी के राजघाट स्थित गांधी स्मृति दर्शन सत्याग्रह मंडप में रविवार को मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक और ईद मिलन समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सामाजिक सौहार्द के साथ-साथ देश और वैश्विक मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गई। बैठक के दौरान पश्चिम एशिया की स्थिति, ऊर्जा आपूर्ति और भारत की रणनीतिक तैयारियों पर विचार-विमर्श हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि इन्द्रेश कुमार ने कहा कि देश में संसाधनों की कमी नहीं है और तेल-गैस को लेकर अनावश्यक चिंता की जरूरत नहीं है। उन्होंने भरोसा जताया कि भारत अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम है। चुनावी मुद्दों पर बोलते हुए इन्द्रेश कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रक्रिया का पारदर्शी और सुरक्षित होना आवश्यक है। उन्होंने घुसपैठियों पर रोक लगाने और मतदाता सूची की शुचिता बनाए रखने पर जोर दिया। बैठक में शामिल अन्य वक्ताओं ने भी निष्पक्ष चुनाव, राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता पर अपने विचार रखे। सोशल मीडिया पर फैल रही गलत सूचनाओं को लेकर चिंता व्यक्त की गई और सही जानकारी के प्रसार पर बल दिया गया।

कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों ने भाग लिया। जाकिर हुसैन, मोहम्मद अफजाल, डॉ शाहिद अख्तर, डॉ शालिनी अली, डॉ माजिद तालिकोटी, कर्नल ताहिर मुस्तफा, कारी अबरार जमाल, पद्मश्री दिलशाद हुसैन, अफसर आलम, महताब आलम रिजवी, शम्स इकबाल, आचार्य यशी फुंतसोक, सैयद रज़ा हुसैन रिज़वी, अबू बकर नकवी, मज़ाहिर खान, सैयद जियारत हक्कानी और डॉ रिजवान खान सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। वक्ताओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक समरसता को देश के विकास के लिए आवश्यक बताया। वक्फ संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन और युवाओं व महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर एक संकल्प पत्र भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें भेदभाव समाप्त करने, शिक्षा के प्रसार, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक सद्भाव को बढ़ावा देने जैसे बिंदु शामिल हैं। बैठक में “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य पर भी चर्चा हुई और समाज के सभी वर्गों से इसमें सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने सामाजिक एकता और सकारात्मक माहौल को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया से निलंबित पूर्व अध्यक्ष एस.कुमार ने गैर कानूनी तरिके से किया सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया का विस्तार, जल्द होगी कानूनी कार्यवाही