मेघालय में 11-12 जून को NEIINFRA 2026 का शिलांग में होगा आयोजन

11-12 जून को शिलांग में होगा नॉर्थ ईस्ट इंडिया इंफ्रास्ट्रक्चर समिट

केंद्रीय मंत्री, पूर्वोत्तर के मुख्यमंत्री, निवेशक और उद्योग जगत के दिग्गज होंगे शामिल

शब्दवाणी सम्माचार टीवी, शनिवार 16 मई 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। मेघालय सरकार ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित मेघालय हाउस में आगामी नॉर्थ ईस्ट इंडिया इंफ्रास्ट्रक्चर समिट एंड एग्जीबिशन (NEIINFRA) 2026 का कर्टेन रेज़र आयोजित किया। कार्यक्रम में मेघालय की तेज आर्थिक प्रगति, इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार और भारत की विकास यात्रा में पूर्वोत्तर की बढ़ती भूमिका को प्रमुखता से रखा गया। कार्यक्रम में मेघालय के मुख्यमंत्री श्री कॉनराड के. संगमा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय (DoNER) के सचिव श्री संजय जाजू विशिष्ट अतिथि रहे। इस अवसर पर केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय के सचिव श्री अविनाश जोशी, मेघालय सरकार के आयुक्त एवं सचिव तथा NEIINFRA आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री संजय गोयल, FINER के अध्यक्ष श्री बजरंग लोहिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। 11 और 12 जून 2026 को शिलांग में आयोजित होने वाले इस समिट में पांच केंद्रीय मंत्रियों, पूर्वोत्तर के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों, नीति निर्माताओं, निवेशकों, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स, वित्तीय संस्थानों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। समिट में कनेक्टिविटी, निवेश और क्षेत्रीय विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री श्री कॉनराड के. संगमा ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में मेघालय की अर्थव्यवस्था दोगुनी हो चुकी है, जबकि पूंजी निवेश 2018 की तुलना में चार गुना बढ़ा है। उन्होंने मेघालय को “देश की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक” बताते हुए कहा कि राज्य लगातार तीन-चार वर्षों से स्थिर विकास दर बनाए हुए है, जो निवेशकों के भरोसे के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने मेघालय इंडस्ट्रियल प्रमोशन पॉलिसी का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को बड़े स्तर पर प्रोत्साहन दे रही है। साथ ही, उन्होंने मेघालय के उद्यमिता इकोसिस्टम को देश के छोटे राज्यों में “सर्वश्रेष्ठ” बताते हुए कहा कि राज्य लगातार इस क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री ने मेघालय के उभरते IT सेक्टर पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि राज्य का पहला IT पार्क पूरी तरह भर चुका है, जबकि दूसरे IT पार्क को भी राष्ट्रीय और वैश्विक उद्योग जगत से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने के उद्देश्य से राज्य अब IT इंफ्रास्ट्रक्चर के और विस्तार की दिशा में काम कर रहा है।

DoNER सचिव श्री संजय जाजू ने मेघालय की तेज विकास यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार पूर्वोत्तर में इंफ्रास्ट्रक्चर आधारित विकास और क्षेत्रीय एकीकरण को लगातार समर्थन दे रही है। उन्होंने कहा कि मेघालय आज देश का सबसे तेज़ी से बढ़ता राज्य बनकर उभरा है, जहां विकास दर 13-14 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। उन्होंने पूर्वोत्तर को “अष्टलक्ष्मी” बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र भारत की विकास दृष्टि के केंद्र में है। उल्लेखनीय है कि महामारी के बाद लगातार तीन वर्षों तक वास्तविक GSDP में लगभग 10 प्रतिशत वृद्धि दर्ज करने वाला मेघालय देश का एकमात्र राज्य है। राज्य की अर्थव्यवस्था 2018 में ₹29,508 करोड़ से बढ़कर 2024-25 में लगभग ₹60,000 करोड़ तक पहुंच गई है, जबकि 2032 तक इसे ₹1.35 लाख करोड़ तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में मेघालय की पर्यटन, खेल और क्रिएटिव इकॉनमी में बढ़ती पहचान भी चर्चा का केंद्र रही। राज्य के लिविंग रूट ब्रिजेज 2026 के लिए UNESCO वर्ल्ड हेरिटेज सूची में भारत की एकमात्र नामांकन प्रविष्टि हैं। वहीं, शिलांग देश की “म्यूजिक कैपिटल” के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। मेघालय 2027 में 39वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी भी करेगा। समिट में केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी, श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया, श्री किंजरापु राम मोहन नायडू, श्री सर्बानंद सोनोवाल और श्री गजेंद्र सिंह शेखावत के शामिल होने की उम्मीद है।

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय के सचिव श्री अविनाश जोशी ने कहा कि यह समिट सभी हितधारकों के लिए “बेहद बड़े अवसर लेकर आएगा। उन्होंने पूर्वोत्तर के आठों राज्यों की विशिष्टताओं और निवेश संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मंत्रालय मेगा फूड पार्क योजना, MSME फूड प्रोसेसिंग इकाइयों, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्टार्टअप और इन्क्यूबेशन के जरिए क्षेत्र को मजबूत समर्थन दे रहा है। मेघालय सरकार के आयुक्त एवं सचिव तथा NEIINFRA आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री संजय गोयल ने कहा कि कर्टेन रेज़र में मिली मजबूत भागीदारी पूर्वोत्तर के प्रति बढ़ती राष्ट्रीय रुचि को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि श्री कॉनराड के. संगमा के नेतृत्व में मेघालय देश के सबसे तेज़ी से विकसित होने वाले और निवेश-अनुकूल राज्यों में शामिल हुआ है। FINER के अध्यक्ष श्री बजरंग लोहिया ने कहा कि पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों को एक मंच पर लाने की पहल मुख्यमंत्री श्री कॉनराड के. संगमा के दूरदर्शी नेतृत्व को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि मेघालय आज पूर्वोत्तर को इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभा रहा है। FINER और Build India Foundation द्वारा, विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों एवं सेक्टोरल साझेदारों के सहयोग से आयोजित NEIINFRA 2026 को पूर्वोत्तर भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश संभावनाओं को प्रदर्शित करने वाला एक बड़ा मंच माना जा रहा है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

असंगठित श्रमिकों के अधिकारों पर राष्ट्रीय मंथन