सतारा में शुरू हुई ऐतिहासिक हिंद केसरी कुश्ती प्रतियोगिता
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, रविवार 17 मई 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), सतारा, महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के सतारा स्थित छत्रपति शाहू स्टेडियम में भारतीय शैली कुश्ती महासंघ द्वारा आयोजित ऐतिहासिक ‘हिंद केसरी’ कुश्ती प्रतियोगिता एवं 52वीं ‘हिंद केसरी’ पुरुष एवं महिला कुश्ती चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हो गया। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 14 मई से 17 मई 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर से आए नामी पहलवान अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) की पारंपरिक कुश्ती समिति की वर्तमान अध्यक्ष श्रीमती चोपन सुल्तानबेकोवा, भारतीय शैली कुश्ती महासंघ (ISWAI) के राष्ट्रीय महासचिव श्री गौरव रोशन लाल सचदेवा तथा क्रीड़ा महर्षि पै. साहेबराव पवार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पहले ‘हिंद केसरी’ मुकाबले से हुई, जिसमें दिल्ली के पहलवान दीपांशु और महाराष्ट्र के पहलवान युवराज आमने-सामने उतरे। अतिथियों ने दोनों पहलवानों से हाथ मिलवाकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री गौरव रोशन लाल सचदेवा ने कहा कि हिंद केसरी प्रतियोगिता भारतीय पारंपरिक कुश्ती की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण मंच है। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में आयोजित यह चैंपियनशिप देश के युवा पहलवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्रदान कर रही है। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित हैं, जिससे पूरे सतारा में खेल उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें