रिफ्रेश दशहरा पुरस्कार 2026 का पहले चरण में 171 रामलीलाओं का हुआ अवलोकन, अब दूसरे चरण की तैयारी शुरू
18 जिलों की 96 रामलीलाओं का वरिष्ठ पत्रकार करेंगे मूल्यांकन, 16 अक्टूबर से शुरू होगा पुरस्कार वितरण
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, सोमवार 12 अक्टूबर 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। मीडिया प्रेस क्लब द्वारा आयोजित रिफ्रेश दशहरा पुरस्कार 2026 के पहले चरण में दिल्ली-एनसीआर की 171 रामलीलाओं का अवलोकन किया गया। इस दौरान 171 पत्रकारों ने अपने परिवार या मित्रों के साथ रामलीला स्थलों पर पहुंचकर मंचन, प्रस्तुति और व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। सभी पत्रकारों ने अपना मूल्यांकन मुख्य निर्णायक संत त्रिलोचन दर्शन दास महाराज की अध्यक्षता वाली निर्णायक समिति को सौंप दिया है।
अब प्रतियोगिता के दूसरे चरण में दिल्ली-एनसीआर के 18 जिलों की 96 रामलीलाओं का अवलोकन किया जाएगा। मीडिया प्रेस क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक लालवानी ने बताया कि दूसरे चरण में प्रत्येक रामलीला का मूल्यांकन दो-दो वरिष्ठ पत्रकार करेंगे। उनके निरीक्षण और मूल्यांकन के आधार पर प्रत्येक जिले की उत्कृष्ट मंचन करने वाली रामलीलाओं में से प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली रामलीलाओं का चयन किया जाएगा। श्री अशोक लालवानी ने बताया कि 15 अक्टूबर को पंडित भुवन्यु शर्मा अपने साथ रिफ्रेश दशहरा पुरस्कार 2026 के प्रायोजक, सलाहकारों, पत्रकारों और विशेष अतिथियों सहित उनके परिवार के सदस्य अंतिम रामलीला का विशेष अवलोकन करेंगे। इसके बाद 16 अक्टूबर से चयनित रामलीलाओं को उनके अपने मंच पर जाकर सम्मानित करने का कार्यक्रम शुरू होगा। उन्होंने बताया कि 18 अक्टूबर को कुछ चयनित रामलीलाओं को पुरस्कार प्रदान करने के लिए प्रतियोगिता की ब्रांड एंबेसडर, मिस इंडिया एवं फिल्म अभिनेत्री सिमरन आहूजा स्वयं रामलीला स्थलों पर पहुंचेंगी।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम ठंडा होने से रामलीला देखने पहुंचे दर्शकों में खासा उत्साह दिखाई दिया। सुहावने मौसम के कारण लोगों ने देर तक रामलीला मंचन का आनंद लिया। हालांकि, कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के चलते मंचन शुरू करने और व्यवस्थाएं संभालने में आयोजकों को कठिनाइयों का सामना भी करना पड़ा। रिफ्रेश दशहरा पुरस्कार 2026 के माध्यम से मीडिया प्रेस क्लब का उद्देश्य दिल्ली-एनसीआर की रामलीलाओं में उत्कृष्ट मंचन, धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं और कलाकारों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा रामलीला आयोजकों को व्यापक पहचान दिलाना है।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें