सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के वैज्ञानिक निस्तारण पर जोर : श्री सुशील अग्रवाल

शब्दवाणी सम्माचार टीवी, सोमवार 2 मार्च 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग और उससे उत्पन्न पर्यावरणीय चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए AVRO इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन श्री सुशील अग्रवाल ने कहा कि प्लास्टिक का पूर्ण बहिष्कार वर्तमान परिस्थितियों में संभव नहीं है लेकिन उसका वैज्ञानिक प्रबंधन और जिम्मेदार निस्तारण अत्यंत आवश्यक है। श्री अग्रवाल ने कहा कि सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का सबसे बड़ा नुकसान तब होता है जब उसे बिना अलग किए खुले में फेंक या जला दिया जाता है। इससे वायु, जल और भूमि प्रदूषण बढ़ता है तथा मानव स्वास्थ्य और पशु-पक्षियों के जीवन पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने सुझाव दिया कि प्लास्टिक कचरे को गीले कचरे से अलग कर सूखा और साफ रखा जाए, रिसाइक्लिंग योग्य प्लास्टिक को अधिकृत रिसाइक्लिंग इकाइयों तक पहुंचाया जाए, प्लास्टिक कचरे का उपयोग सड़क निर्माण, फर्नीचर, टाइल्स एवं अन्य उत्पादों में किया जाए, जो प्लास्टिक रिसाइक्लिंग योग्य नहीं है उसका निस्तारण वेस्ट-टू-एनर्जी और को-प्रोसेसिंग जैसी वैज्ञानिक तकनीकों से किया जाए। श्री अग्रवाल ने आगे कहा कि यदि सरकार, उद्योग और आम नागरिक मिलकर जिम्मेदारी निभाएं तो प्लास्टिक प्रदूषण को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का अनावश्यक उपयोग कम करें और पुन: उपयोग योग्य विकल्प अपनाएं। उन्होंने यह भी बताया कि AVRO निरंतर रिसाइक्लिंग और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में जागरूकता अभियान चला रही है ताकि प्लास्टिक कचरे को संसाधन में बदला जा सके और कचरे से कंचन की दिशा में देश को आगे बढ़ाया जा सके।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें