विष्णु अवतार रामलीला में विभीषण का राजतिलक और श्रीराम की अयोध्या वापसी का मंचन
प्रभु श्रीराम के राजतिलक की लीला के साथ रामलीला का समापन, महामंत्री दिवाकर पाण्डेय ने रामभक्तों और मीडिया कर्मियों का जताया आभार
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, वीरवार 22 अक्टूबर 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। शास्त्री पार्क स्थित विष्णु अवतार रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला में प्रभु श्रीराम द्वारा विभीषण को लंका का राजा बनाने, लंका विजय के बाद अयोध्या वापसी और प्रभु श्रीराम के राजतिलक की सुंदर लीलाओं का मंचन किया गया। इन प्रसंगों के माध्यम से कलाकारों ने धर्म, न्याय, मर्यादा और सुशासन का संदेश दिया। रामलीला के दौरान विभीषण के राजतिलक और प्रभु श्रीराम की अयोध्या वापसी के प्रसंगों ने दर्शकों को रामायण की गौरवशाली कथा से जोड़े रखा। इसके बाद श्रीराम के राजतिलक की लीला का मंचन हुआ, जिसमें भगवान श्रीराम के आदर्शों और रामराज्य की परिकल्पना को प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर विष्णु अवतार रामलीला कमेटी, शास्त्री पार्क के महामंत्री दिवाकर पाण्डेय ने सभी रामभक्तों, क्षेत्रवासियों और मीडिया के साथियों को नवरात्रि एवं दशहरा पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रामलीला के सफल आयोजन में मिले सहयोग और स्नेह के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। दिवाकर पाण्डेय ने कहा कि कमेटी की अपेक्षा है कि रामभक्तों, मीडिया कर्मियों और क्षेत्रवासियों का स्नेह एवं सहयोग आगे भी इसी प्रकार बना रहेगा। उन्होंने अगले वर्ष फिर से सभी के सहयोग और सहभागिता के साथ रामलीला आयोजन की शुभकामनाएं देते हुए सभी का धन्यवाद किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें