13 मार्च से इंदौर में होगा सनातन प्रीमियर लीग का आयोजन

शब्दवाणी सम्माचार टीवी, शनिवार 17 जनवरी 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। आज की तेज रफ्तार जिंदगी में युवा खेल, तकनीक और आधुनिक सोच की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। इस बदलाव के बीच कई युवा अपनी सांस्कृतिक जड़ों और जीवन मूल्यों से दूर होते जा रहे हैं। इसी चिंता को समझते हुए धर्मगुरुओं के सानिध्य में भारत सनातन प्रीमियर लीग (SPL) का आयोजन किया जा रहा है। यह पहल केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य युवाओं को शारीरिक मजबूती के साथ मानसिक और आध्यात्मिक रूप से भी सशक्त बनाना है। आयोजकों का मानना है कि खेल के जरिए युवाओं तक सकारात्मक संदेश सबसे प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। भारत सनातन प्रीमियर लीग (SPL) का आयोजन 13, 14 और 15 मार्च 2026 को इंदौर में किया जाएगा। इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट टूर्नामेंट का संचालन SANATAN CRICKET CLUB LLP द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार यह टूर्नामेंट राष्ट्रीय गौरव क्रिकेट टूर्नामेंट के रूप में आयोजित होगी। इस टूर्नामेंट को श्री देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज का पावन सान्निध्य प्राप्त होगा, क्योंकि वह इस इवेंट के संरक्षक हैं। आयोजकों का कहना है कि संतों के सान्निध्य से युवाओं को आत्मसंयम, अनुशासन और जीवन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।

भारत सनातन प्रीमियर लीग में T10 फॉर्मेट में कुल 15 मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें ग्रुप स्टेज, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले शामिल हैं। इस टूर्नामेंट के सभी मैच डे-नाइट प्रारूप में आयोजित किए जाएंगे, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को एक भव्य और रोमांचक अनुभव मिल सके। बता दें कि, फाइनल मुकाबले से पहले एक स्पेशल फ्रेंडली मैच का भी आयोजन किया जाएगा, जो आपसी सद्भाव, एकता और खेल भावना का प्रतीक होगा। आयोजकों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, SPL 2026 के लिए खिलाड़ियों के ट्रायल्स 02 फरवरी 2026 से शुरू होंगे। ये ट्रायल्स 8 शहरों में आयोजित किए जाएंगे, जिसमें अच्छे खिलाड़ियों को चुना जाएगा, जो अलग-अलग टीमों का प्रतिनिधित्व करते हुए नजर आएँगे। ट्रायल्स के लिए अलग-अलग राज्यों की टीमों के लिए अलग-अलग शहरों का चुनाव किया गया है।

SPL का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच को मजबूत करना है। क्रिकेट जैसे चर्चित खेल के जरिए युवाओं को यह समझाने का प्रयास किया जाएगा कि जीवन में सफलता के साथ संस्कार और नैतिकता भी उतनी ही जरूरी है। इसके अलावा, आज के समय में कई युवा नशे, जुए, सट्टेबाजी और अन्य गलत आदतों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। भारत सनातन प्रीमियर लीग का उद्देश्य युवाओं को इन बुरी आदतों से दूर रखकर उन्हें खेल, अनुशासन और एक सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है। भारत सनातन प्रीमियर लीग में आयोजकों और स्पांसर्स से मिलने वाली राशि का उपयोग पूरी तरह समाज सेवा के लिए किया जाएगा। यह राशि जरूरतमंदों और समाज के कमजोर वर्गों की मदद में लगाया जाएगा। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि इस राशि का उपयोग बाढ़, भूकंप और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के समय पीड़ितों की सहायता के लिए किया जाएगा। इसके अलावा, आर्थिक रूप से कमजोर और असहाय बेटियों के विवाह में भी सहयोग दिया जाएगा। साथ ही यह भी जानकारी दी गई है कि, एसिड अटैक से पीड़ित बेटियों के इलाज, पुनर्वास और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए भी सहायता प्रदान की जाएगी। आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की पढ़ाई, किताबों और शिक्षा से जुड़ी जरूरतों में सहयोग किया जाएगा। इतना ही नहीं, इसमें गंभीर बीमारियों से जूझ रहे परिवारों को आर्थिक मदद देने का भी प्रावधान रखा गया है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

असंगठित श्रमिकों के अधिकारों पर राष्ट्रीय मंथन

प्रदूषण कम करने में किसानो का बड़ा योगदान होगा : बंकरमैन श्रीपाल

Healthcare से Solar Energy तक Mohammad Zeeshanul Haque ने बनाई सफलता और नवाचार की नई पहचान