फिल्म समीक्षा : श्री बाबा नीब करौरी महाराज
आस्था, अध्यात्म और चमत्कारों की दिव्य अनुभूति कराती फिल्म
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, रविवार 31 मई 2026, फिल्म समीक्षक : रेहाना परवीन (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। फिल्म श्री बाबा नीब करौरी महाराज वीरवार 21 मई 2026 को विशेष प्रेस शो डिलाइट डायमंड, दिल्ली में मुझे देखने का अवसर मिला। फिल्म श्री बाबा नीब करौरी महाराज में सुबोध भावे, समीक्षा भटनागर, राजेश शर्मा, हितेन तेजवानी, हेमंत पांडे, इत्यादि मुख्य कलाकार हैं। फिल्म श्री बाबा नीब करौरी महाराज का निर्देशन शरद सिंह ठाकुर हैं, जबकि निर्माता बलराम गर्ग है फिल्म का निर्माण भी इन दोनों ने किया है। इस फिल्म को सेंसर बोर्ड से U प्रमाण पत्र दिया है। इसका अर्थ है कि फिल्म हर उम्र के लोगों (बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक) के देखने के लिए बिल्कुल सुरक्षित और उपयुक्त है। फिल्म की अवधि लगभग 2 घंटे 19 मिनट (139 मिनट) है। फिल्म श्री बाबा नीब करौरी महाराज सिनेमा घरों में 22 मई 2026 को प्रदर्शित हुई है। फिल्म श्री बाबा नीब करौरी महाराज हनुमान भक्त और विश्व प्रसिद्ध संत बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन पर आधारित यह फिल्म केवल एक सिनेमाई प्रस्तुति नहीं बल्कि श्रद्धा, विश्वास और आत्मिक शांति की अनुभूति कराने वाली आध्यात्मिक यात्रा बनकर सामने आती है। निर्देशक शरद सिंह ठाकुर ने फिल्म को भव्यता के साथ-साथ भावनात्मक गहराई भी दी है जिससे दर्शक शुरुआत से अंत तक कथा से जुड़े रहते हैं।
फिल्म में बाबा के बचपन से लेकर उनकी महासमाधि तक के जीवन को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। कहानी में उनके चमत्कार, भक्तों के प्रति प्रेम, मानव सेवा और आध्यात्मिक संदेशों को बड़े ही संतुलित तरीके से दिखाया गया है। पटकथा कहीं भी बोझिल नहीं लगती और संवाद सीधे दर्शकों के हृदय को स्पर्श करते हैं। सुबोध भावे ने बाबा नीब करौरी महाराज की भूमिका में अद्भुत अभिनय किया है। उनके चेहरे के भाव, शांत व्यक्तित्व और आध्यात्मिक आभा दर्शकों को वास्तविक बाबा की अनुभूति कराते हैं। समीक्षा भटनागर ने सिद्धि मां के किरदार में भावपूर्ण अभिनय कर फिल्म को संवेदनशीलता प्रदान की है। वहीं हितेन तेजवानी, हेमंत पांडे और अन्य कलाकारों ने भी अपनी भूमिकाओं के साथ न्याय किया है। फिल्म का संगीत और बैकग्राउंड स्कोर इसकी सबसे बड़ी ताकतों में से एक है। भक्ति रस से भरपूर संगीत दृश्यों को और अधिक प्रभावी बनाता है।
कैमरा वर्क विशेष रूप से उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक वातावरण को शानदार तरीके से प्रस्तुत करता है। कई दृश्य ऐसे हैं जो दर्शकों को भावुक कर देते हैं और मन में श्रद्धा का भाव जगा देते हैं। यह फिल्म केवल बाबा के भक्तों के लिए ही नहीं, बल्कि उन सभी दर्शकों के लिए खास है जो भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और संत परंपरा को करीब से समझना चाहते हैं। वर्तमान समय की भागदौड़ और तनाव के बीच यह फिल्म मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा देने का कार्य करती है। कुल मिलाकर फिल्म श्री बाबा नीब करौरी महाराज एक प्रेरणादायक, भावनात्मक और आध्यात्मिक फिल्म है, जो दर्शकों को मनोरंजन के साथ जीवन का सकारात्मक संदेश भी देती है। फिल्म देखने का मजा खराब ना हो इसलिए पूरी कहानी आपको नहीं बता रही हूँ कियोंकि फिल्म को आप अपने दोस्तों, परिवार व् बच्चों के साथ सिनेमाघरों में जाकर बड़े पर्दे पर देखने का अलग मजा आएगा। मैँ इस फिल्म को पांच में से साढ़े तीन स्टार देती हूँ और आस्था, अध्यात्म और चमत्कारों की दिव्य अनुभूति को पसंद करने वाले दर्शकों के लिए पांच में से चार स्टार देती हूँ।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें