छतरपुर के एमसीडी पार्क में लगभग 500 बच्चों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं दर्शकों ने की सहभागिता

शब्दवाणी सम्माचार टीवी, शुक्रवार 11 सितम्बर 2026 (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। एतवारी सेवा संस्थान की ओर से राष्ट्रीय खेल दिवस एवं शिक्षक दिवस के अवसर पर छतरपुर स्थित एमसीडी पार्क में एक भव्य एवं प्रेरणादायी संयुक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित लगभग 500 लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में आचार्य तुलसी एवं श्री आरसीसीई पब्लिक स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने खेल प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों की खेल भावना, अनुशासन और ऊर्जा ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए तथा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को एतवारी सेवा संस्थान की ओर से प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के उपरांत बच्चों के लिए रिफ्रेशमेंट की भी व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर एतवारी सेवा संस्थान के अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार ने उपस्थित शिक्षकों का विशेष सम्मान करते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के भविष्य के निर्माता हैं। शिक्षक बच्चों को केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन, चरित्र, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा, उत्तम स्वास्थ्य और खेलों के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाना राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। राष्ट्रीय खेल दिवस युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करता है, जबकि शिक्षक दिवस हमें अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देता है। डॉ.अशोक कुमार ने कहा कि एतवारी सेवा संस्थान इसी भावना के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, संस्कार एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम की सफलता पर एतवारी सेवा संस्थान के अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार ने संस्था की ओर से तथा व्यक्तिगत रूप से सभी सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से पतंजलि योग सेंटर, छतरपुर से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों को कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यक्रम सामूहिक सहयोग और समर्पण से ही सफल होते हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

असंगठित श्रमिकों के अधिकारों पर राष्ट्रीय मंथन

प्रदूषण कम करने में किसानो का बड़ा योगदान होगा : बंकरमैन श्रीपाल