दिल्ली सरकार रामलीला परमिशन की सिंगल विंडो व्यवस्था तत्काल शुरू करे : जत्थेदार अवतार सिंह
रामलीला मंचन से पहले परमिशन प्रक्रिया को लेकर चिंता
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, शुक्रवार 11 सितम्बर 2026 (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में रामलीला मंचन का सिलसिला शुरू होने में अब कुछ ही दिन शेष रह गए हैं, लेकिन रामलीला आयोजकों के सामने विभिन्न सरकारी अनुमतियों को लेकर असमंजस और परेशानी की स्थिति बनी हुई है। श्री नवयुवक कमेटी, कश्मीरी गेट के महामंत्री एवं पूर्व महापौर जत्थेदार अवतार सिंह ने रामलीला महासंघ को पत्र लिखकर इस स्थिति पर गंभीर चिंता जताई है तथा दिल्ली सरकार से रामलीला आयोजकों के लिए तत्काल सिंगल विंडो व्यवस्था शुरू करने की मांग की है। जत्थेदार अवतार सिंह ने अपने पत्र में कहा कि दिल्ली की विभिन्न रामलीला समितियां वर्षभर इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन की तैयारियां करती हैं। लेकिन अभी तक आवश्यक सरकारी अनुमतियों की प्रक्रिया स्पष्ट नहीं होने से आयोजकों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस परमिशन, फायर परमिशन, बिजली से संबंधित अनुमति सहित विभिन्न विभागों की मंजूरी रामलीला आयोजन के लिए आवश्यक होती है। इन अनुमतियों के लिए पहले दिल्ली सरकार की ओर से सिंगल विंडो व्यवस्था उपलब्ध कराई जाती थी, जिससे रामलीला समितियों को अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने से राहत मिलती थी। उन्होंने चिंता जताई कि अब तक सिंगल विंडो की व्यवस्था शुरू नहीं होने के कारण दिल्ली की समस्त रामलीला समितियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रामलीला आयोजक यह समझ नहीं पा रहे हैं कि आवश्यक दस्तावेज कहां और किस अधिकारी के समक्ष जमा किए जाएं तथा विभिन्न अनुमतियों की प्रक्रिया किस प्रकार पूरी होगी।
जत्थेदार अवतार सिंह ने पत्र में एक अन्य महत्वपूर्ण समस्या की ओर भी ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि रामलीलाओं से संबंधित कार्यों के लिए अभी तक संबंधित नगर निगम की नियुक्ति भी नहीं की गई है। प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से आयोजकों को यह बताया जा रहा है कि जब तक संबंधित नगर निगम की नियुक्ति नहीं होती तब तक रामलीला से संबंधित किसी भी प्रकार के दस्तावेज स्वीकार नहीं किए जा सकते। ऐसे में रामलीला समितियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि समय पर आवश्यक अनुमतियां नहीं मिलीं तो वे निर्धारित समय पर रामलीला मंचन की तैयारियां किस प्रकार पूरी करेंगी। आयोजन में मंच, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजामों के लिए संबंधित विभागों की स्वीकृति आवश्यक होती है।
जत्थेदार अवतार सिंह ने दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि दिल्ली की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हजारों कलाकार, आयोजक, स्वयंसेवक और लाखों श्रद्धालु इससे जुड़े होते हैं। इसलिए आयोजन से जुड़े प्रशासनिक कार्यों को समयबद्ध और सरल बनाया जाना आवश्यक है। उन्होंने दिल्ली सरकार और रामलीला महासंघ से आग्रह किया कि रामलीला से संबंधित सभी अनुमतियों के लिए तत्काल सिंगल विंडो व्यवस्था लागू की जाए ताकि आयोजकों को पुलिस, फायर, बिजली एवं अन्य विभागों की अनुमति के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने यह भी मांग की कि संबंधित नगर निगम एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की नियुक्ति शीघ्र की जाए ताकि रामलीला समितियां समय रहते अपने आवश्यक दस्तावेज जमा कर सकें और सभी वैधानिक औपचारिकताएं पूरी कर सकें।
रामलीला मंचन की तारीखें नजदीक आने के साथ आयोजकों पर तैयारियों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में यदि अनुमति प्रक्रिया में और देरी होती है तो इसका सीधा असर रामलीला समितियों की तैयारियों पर पड़ सकता है। जत्थेदार अवतार सिंह ने उम्मीद जताई कि दिल्ली सरकार रामलीला समितियों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निर्णय करेगी और सिंगल विंडो प्रणाली को तत्काल प्रभाव से शुरू कराकर रामलीला आयोजकों को राहत प्रदान करेगी। रामलीला महासंघ से भी उन्होंने अपेक्षा की कि वह सभी रामलीला समितियों की समस्याओं को सरकार के समक्ष मजबूती से रखे, ताकि राजधानी में रामलीला मंचन की तैयारियां बिना किसी प्रशासनिक बाधा के समय पर पूरी हो सकें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें