दिल्ली में पहली बार होगा चीनी फिल्म महोत्सव, 10 से अधिक फिल्मों की होगी स्क्रीनिंग
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, शुक्रवार 30 अक्टूबर 2026 (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में पहली बार ‘प्रथम दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल चाइनीज फिल्म फेस्टिवल 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। भारत और चीन के बीच सांस्कृतिक संबंधों तथा आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह दो दिवसीय महोत्सव 30 और 31 अक्टूबर को महादेव रोड स्थित फिल्म्स डिवीजन ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। इसमें दोनों देशों की 10 से अधिक चर्चित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। महोत्सव की आधिकारिक घोषणा प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई। इस अवसर पर चीनी दूतावास के मिनिस्टर काउंसलर वांग शिनमिंग और फर्स्ट सेक्रेटरी डॉ. झांग हेलिन ने महोत्सव की आधिकारिक ट्रॉफी और मेडल का अनावरण किया। ये पुरस्कार समापन समारोह में विजेताओं को प्रदान किए जाएंगे। इस आयोजन में चीन के दूतावास, दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल और भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अधीन नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा का सहयोग है। आयोजकों के अनुसार, नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा पहली बार किसी फिल्म महोत्सव के सह-आयोजक के रूप में शामिल हुआ है।
भारत में चीन के राजदूत शू फेइहोंग 30 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर विभिन्न देशों के राजनयिकों के भी शामिल होने की संभावना है। चीनी दूतावास के मिनिस्टर काउंसलर वांग शिनमिंग ने कहा कि सिनेमा भाषा की सीमाओं से परे जाकर लोगों को जोड़ता है और यह महोत्सव दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक समझ को मजबूत करने का अवसर बनेगा। फर्स्ट सेक्रेटरी डॉ. झांग हेलिन ने भी इसे भारत-चीन के लोगों के बीच दोस्ती और आपसी संवाद बढ़ाने वाला मंच बताया। दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के संस्थापक अध्यक्ष एवं फेस्टिवल डायरेक्टर राम किशोर पारचा ने कहा कि इस आयोजन से दोनों देशों के फिल्मकारों के बीच रचनात्मक सहयोग, सह-निर्माण और कला के आदान-प्रदान के नए रास्ते खुलेंगे। महोत्सव के दौरान दोनों दिन दोपहर 3 बजे थिएटर और सिनेमा के विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित होगी। वहीं, 31 अक्टूबर को भारत और चीन के फिल्म उद्योग के बीच भविष्य में संयुक्त निर्माण और सहयोग की संभावनाओं पर पैनल चर्चा होगी। आयोजकों को उम्मीद है कि यह पहल दोनों देशों के कलाकारों और दर्शकों के बीच सांस्कृतिक संवाद को नई दिशा देगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें