नोएडा में 9 नवंबर को होगा भव्य गोवर्धन पूजा महोत्सव
भारतीय पर्व आयोजन समिति 26 वर्षों से कर रही आयोजन, अन्नकूट, छप्पन भोग और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे मुख्य आकर्षण
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, शनिवार 7 नवंबर 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), गौतमबुद्ध नगर। द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा देवताओं के राजा इंद्र का अभिमान दूर करने के लिए सात दिनों तक अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत धारण करने की पौराणिक घटना की स्मृति में मनाया जाने वाला गोवर्धन पूजा पर्व आज भी लाखों श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र है। इसी धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भारतीय पर्व आयोजन समिति, नोएडा द्वारा 9 नवंबर 2026, सोमवार को सायं 5 बजे से सेक्टर-51 स्थित वेडिंग विला में विशाल गोवर्धन पूजा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। भारतीय पर्व आयोजन समिति पिछले 26 वर्षों से इस महोत्सव का आयोजन निरंतर करती आ रही है। इस वर्ष भी कार्यक्रम में विधि-विधान से गोवर्धन पूजा, भगवान श्री गिरिराज जी को अन्नकूट एवं छप्पन भोग अर्पित करने के साथ श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया जाएगा। वहीं, राजू प्रिंस एवं अन्य कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का विशेष आकर्षण होंगे। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय सांसद डॉ. महेश शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में नवाब सिंह नागर एवं श्रीमती विमला बाथम उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के मुख्य यजमान मुकेश गुप्ता (के.बी. मार्ट) होंगे। संस्था के संरक्षक सुधीर कुमार मित्तल, अध्यक्ष ओ.पी. गोयल, महासचिव डी.के. सिंघल, उपाध्यक्ष डी.के. मित्तल एवं जे.एम. गुप्ता तथा कार्यक्रम संयोजक विपिन अग्रवाल महोत्सव की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें