पत्नी के बिना मुख्य यजमान बनेंगे राजा भैया, क्या पूर्ण होगा धार्मिक अनुष्ठान?
शैलेन्द्र योगिराज सरकार की शास्त्रीय टिप्पणी से गरमाई चर्चा
राजा भैया और उनकी पत्नी को फिर एक करने के लिए भी किया धार्मिक अनुष्ठान, बोले तलाक का फैसला नहीं होने तक पत्नी ही धर्मपत्नी
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, शुक्रवार 13 नवंबर 2026 (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की राजनीति में चर्चित नाम रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के आगामी धार्मिक आयोजन को लेकर इन दिनों कुंडा से लेकर प्रतापगढ़ और प्रदेश के अन्य क्षेत्रों तक चर्चाओं का बाजार गर्म है। बेंती में आयोजित होने वाली कथा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री व्यासपीठ से कथा का वाचन करेंगे, जबकि राजा भैया मुख्य यजमान की भूमिका में रहेंगे। लेकिन राजा भैया के वैवाहिक जीवन से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण एक नया सवाल उठ रहा है कि क्या पत्नी की अनुपस्थिति में मुख्य यजमान के रूप में बैठकर किया गया धार्मिक अनुष्ठान पूर्ण फलदायी होगा? इस संवेदनशील विषय पर धार्मिक एवं शास्त्रीय दृष्टिकोण से अपनी बेबाक राय रखते हुए शैलेन्द्र योगिराज सरकार एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। वर्तमान में वे जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के स्थानीय प्रतिनिधि एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी हैं।
शैलेन्द्र योगिराज सरकार का नाम राजा भैया से जुड़े पोटा प्रकरण के समय भी काफी चर्चा में आया था। उस दौर में राजा भैया, उनके पिता राजा उदय प्रताप सिंह तथा एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह उर्फ गोपाल जी की रिहाई के लिए उन्होंने प्रतापगढ़ की कई शक्तिपीठों पर धार्मिक अनुष्ठान किए थे। उस समय राजा भैया सहित संबंधित लोगों को लगभग डेढ़ वर्ष तक जेल में रहना पड़ा था। बाद में उन्हें रिहाई मिली और आगे चलकर पोटा कानून भी समाप्त कर दिया गया। इन घटनाओं के बाद शैलेन्द्र योगिराज सरकार धार्मिक अनुष्ठानों और आध्यात्मिक दावों को लेकर व्यापक चर्चा में आए थे।
शैलेन्द्र योगिराज सरकार का कहना है कि हिंदू धर्मशास्त्रों में अनेक धार्मिक अनुष्ठानों में पति-पत्नी की संयुक्त उपस्थिति को आवश्यक माना गया है। पत्नी के बिना अनुष्ठान करने पर उसके पूर्ण फल की प्राप्ति में शास्त्रीय दृष्टि से प्रश्न उठता है। हालांकि राजा भैया और उनकी पत्नी के बीच तलाक का मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है और अभी तलाक की कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। ऐसे में सैद्धांतिक रूप से पत्नी का वैवाहिक दर्जा समाप्त नहीं हुआ है और वह धर्मपत्नी ही हैं। उन्होंने कहा कि सामान्य परिस्थितियों में पत्नी को साथ बैठाकर ही अनुष्ठान संपन्न कराना उचित माना जाता है। यदि पति-पत्नी अलग-अलग रह रहे हों और पत्नी का अनुष्ठान में उपस्थित होना संभव न हो तो शास्त्रीय परंपराओं में प्रतीकात्मक व्यवस्था का भी उल्लेख मिलता है।
शैलेन्द्र योगिराज सरकार के अनुसार मुहूर्त मार्तण्ड ग्रंथ की परंपरागत व्याख्याओं के आधार पर कुछ विशेष परिस्थितियों में पत्नी की अनुपस्थिति में स्वर्ण, चांदी अथवा कुश से निर्मित प्रतीक के साथ संकल्प लेकर अनुष्ठान करने का विकल्प बताया जाता है। आधुनिक समय में कुछ विद्वान पंडित सुपारी अथवा नारियल को कलावा में लपेटकर प्रतीकात्मक रूप से स्थापित करवाते हैं। हालांकि इस व्यवस्था का प्रयोग किस अनुष्ठान में और किन परिस्थितियों में मान्य होगा, यह संबंधित कर्मकांड के विधान और विद्वान आचार्यों के मत पर निर्भर करता है।
शैलेन्द्र योगिराज सरकार ने एक और महत्वपूर्ण बात कही। उनके अनुसार राजा भैया और उनकी पत्नी के बीच वैवाहिक संबंधों में फिर से मधुरता लाने तथा दोनों को एक साथ लाने के उद्देश्य से भी उन्होंने धार्मिक अनुष्ठान किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इसका सकारात्मक परिणाम सामने आएगा, दोनों फिर साथ रहेंगे और तलाक का मुकदमा भी समाप्त होगा। फिलहाल बेंती में होने वाली कथा और राजा भैया के मुख्य यजमान बनने को लेकर उठे धार्मिक एवं शास्त्रीय सवालों ने इस आयोजन को चर्चा का विषय बना दिया है। अब देखना यह है कि आयोजन में पत्नी की उपस्थिति रहेगी या शास्त्रीय परंपरा के अनुसार किसी प्रतीकात्मक व्यवस्था के माध्यम से अनुष्ठान संपन्न कराया जाएगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें