भारतीय पर्व आयोजन समिति नववर्ष विक्रम संवत 2083 के करेगा स्वागत
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, बुधवार 18 मार्च 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), गौतमबुद्ध नगर। भारतीय संस्कृति परंपरा और सामाजिक मूल्यों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से कार्यरत भारतीय पर्व आयोजन समिति नोएडा एक बार फिर नववर्ष विक्रम संवत 2083 के स्वागत के लिए भव्य आयोजन करने जा रही है। कार्यक्रम संयोजक विपिन अग्रवाल के नेतृत्व में यह आयोजन पिछले 26 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष और अधिक व्यापक रूप में आयोजित किया जा रहा है। अग्रवाल मित्र मंडल, नोएडा के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम चैत्र कृष्ण अमावस्या (18 मार्च 2026) को सायं 5 बजे से महाराजा अग्रसेन भवन, नोएडा में संपन्न होगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण श्री सुंदरकांड पाठ की भावपूर्ण एवं आध्यात्मिक प्रस्तुति होगी, जो उपस्थित जनसमूह को भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत करेगी। इस अवसर पर समाज के उन वरिष्ठजनों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा, जिनकी आयु 85 वर्ष से अधिक है और जिन्होंने अपने जीवन में समाज के लिए प्रेरणादायक योगदान दिया है। यह सम्मान समारोह नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान समिति द्वारा प्रतिवर्ष प्रकाशित भारतीय तिथि एवं पर्व पत्रिका का भी भव्य विमोचन किया जाएगा, जो भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं पर्वों की वैज्ञानिक और सांस्कृतिक जानकारी प्रदान करती है। इस गरिमामयी आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक श्री पंकज सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री नवाब सिंह नागर, श्रीमती विमला बाथम एवं कैप्टन विकास गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम संयोजक विपिन अग्रवाल ने कहा कि “भारतीय नववर्ष केवल एक तिथि परिवर्तन नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। इस आयोजन का उद्देश्य समाज को अपनी जड़ों से जोड़ना और वरिष्ठजनों के अनुभवों का सम्मान करना है। उन्होंने नोएडा एवं आसपास के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें