कचरा प्लास्टिक और वायु प्रदूषण पर मीडिया प्रेस क्लब ने किया व्याख्यान का आयोजन

शब्दवाणी सम्माचार टीवी, बुधवार 1 अप्रैल 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। मीडिया प्रेस क्लब एवं सिंधी कौंसिल ऑफ इंडिया द्वारा, सिंधु समाज दिल्ली (पंजीकृत) के सहयोग से “कचरा प्लास्टिक और वायु प्रदूषण” विषय पर एक महत्वपूर्ण व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के प्रभावी समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर प्लास्टिक रीसाइक्लिंग के पितामह ऑपरेशन शुद्धि के प्रमुख एवं AVRO इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन प्रोफेसर श्री सुशील अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्लास्टिक आज की जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बन चुका है और इसका तत्काल कोई विकल्प उपलब्ध नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्लास्टिक स्वयं में अभिशाप नहीं है, बल्कि इसके अवैज्ञानिक निस्तारण के कारण यह समस्या बनता है। यदि प्लास्टिक का वैज्ञानिक तरीके से संग्रह, पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) और प्रबंधन किया जाए, तो यह पर्यावरण के लिए हानिकारक न होकर आर्थिक रूप से लाभकारी सिद्ध हो सकता है। इससे न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि लाखों लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी उत्पन्न होंगे और देश को हजारों करोड़ रुपये का आर्थिक लाभ मिल सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि प्लास्टिक को कचरा समझकर इधर-उधर न फेंकें, बल्कि उसका उचित संग्रह कर निर्धारित स्थानों तक पहुंचाएं, ताकि उसका अंतिम चरण तक उपयोग संभव हो सके। AVRO इंडिया लिमिटेड ने ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के माध्यम से कचरा प्लास्टिक के संग्रह, रीसाइक्लिंग और वैज्ञानिक निस्तारण का संकल्प लिया है।

कार्यक्रम में बैंकरमैन एवं वायु विशेषज्ञ मेजर जनरल डॉ. श्री पाल (वीएसएम, सेवानिवृत्त) ने वायु प्रदूषण को एक गंभीर वैश्विक समस्या बताते हुए कहा कि यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो भविष्य में पृथ्वी पर जीवन संकट में पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक चक्र में पेड़ कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂) को अवशोषित कर ऑक्सीजन (O₂) में परिवर्तित करते हैं, लेकिन औद्योगिकीकरण और शहरीकरण के कारण पेड़ों की संख्या में भारी कमी आई है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जहां प्रति व्यक्ति लगभग 131 पेड़ों की आवश्यकता होती है, वहीं दिल्ली जैसे महानगर में यह संख्या घटकर लगभग 0.3 पेड़ प्रति व्यक्ति रह गई है। इस समस्या के समाधान के रूप में उन्होंने बैंकरमैन द्वारा विकसित कृत्रिम पेड़ (Artificial Trees) की अवधारणा प्रस्तुत की, जो तुरंत स्थापित होकर बड़े पेड़ों की तरह कार्य कर सकते हैं और सीमित स्थान में अधिक प्रभावी तरीके से वायु शुद्धि में सहायक हो सकते हैं।

इस अवसर पर मीडिया प्रेस क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं ‘सिंधी संसार’ के प्रधान संपादक श्री अशोक लालवानी ने मुख्य अतिथि, सिंधी कौंसिल ऑफ इंडिया के संस्थापक अध्यक्ष माननीय श्री सुरेश केशवानी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक एवं वायु प्रदूषण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर इस प्रकार के व्याख्यान भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे। कार्यक्रम को सांस्कृतिक रूप से भी समृद्ध बनाया गया, जिसमें मीडिया प्रेस क्लब की सदस्य एवं प्रसिद्ध गायिका रश्मी इंडिया ने अपनी मधुर आवाज़ से सभी को मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम का संचालन रचना रावत ने कुशलतापूर्वक किया। इस कार्यक्रम में आभा यादव (न्यूज़ जंक्शन), अर्पणा यादव (न्यूज़ 85), निशा जैन (बालाजी न्यूज़), गौरव जैन (जनसंपर्क अधिकारी), सुषमा (मयूर संवाद), अंजना स्वीटी (ABN न्यूज़), राज ठाकुर (न्यूज़ 18), सुनील मिश्रा (दिल्ली लाइव न्यूज़), बी. एम. गुप्ता (हिंदुस्तान प्राइम टाइम न्यूज़), बंसी लाल (ओपन वॉइस), कुलवंत कौर (दिल्ली न्यूज़), सादिक (तेज़ न्यूज़), मुमताज़ (UNI उर्दू) सहित अनेक सदस्यों ने सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल एवं प्रभावशाली बनाया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

असंगठित श्रमिकों के अधिकारों पर राष्ट्रीय मंथन

प्रदूषण कम करने में किसानो का बड़ा योगदान होगा : बंकरमैन श्रीपाल

Healthcare से Solar Energy तक Mohammad Zeeshanul Haque ने बनाई सफलता और नवाचार की नई पहचान