ईडब्ल्यूएस पॉकेट-7, सेक्टर-82 में स्मार्ट मीटर की समस्याओं को लेकर आरडब्ल्यूए द्वारा कैंप
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, शनिवार 4 अप्रैल 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), गौतमबुधा नगर। ईडब्ल्यूएस पॉकेट-7, सेक्टर-82 में स्मार्ट मीटर से जुड़ी लगातार समस्याओं के समाधान हेतु आरडब्ल्यूए द्वारा एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में स्मार्ट मीटर से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित होकर स्थानीय निवासियों की समस्याओं को सुना और उन्हें नोट किया, लेकिन मौके पर किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे ने बताया कि स्मार्ट मीटर आम लोगों के लिए “गले का फंदा” बन गया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि फ्लैट नंबर 1/1 में पिछले तीन दिनों से बिजली कटी हुई है, जिससे छोटे-छोटे बच्चों वाले परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा फ्लैट नंबर 18/10, 4/4, 12/1, 28/12 सहित कई अन्य फ्लैटों में भी पर्याप्त राशि जमा होने के बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ फ्लैटों में एक ही स्थान पर दो-दो मीटर लगा दिए गए हैं, जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग द्वारा उचित मॉनिटरिंग नहीं किए जाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। कई निवासियों को मीटर की सीलिंग रिपोर्ट तक नहीं दी गई और बिना सहमति एवं बिना पूर्व सूचना के जबरन स्मार्ट मीटर लगाए गए।
राघवेंद्र दुबे ने बताया कि पहले मीटर लगाने से पूर्व मोबाइल पर पासवर्ड आता था, लेकिन बाद में कंपनी द्वारा फर्जी मोबाइल नंबर दर्ज कर उसी के माध्यम से पासवर्ड प्राप्त कर बिना जानकारी मीटर लगाए गए, जो एक गंभीर धोखाधड़ी का मामला है। उन्होंने मांग की कि संबंधित कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। कैंप में जेई स्मार्ट मीटर नवीन कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे, लेकिन कोई वरिष्ठ अधिकारी नहीं आया, जिससे लोगों में नाराजगी देखने को मिली। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने कहा कि सक्षम अधिकारियों की उपस्थिति से समस्याओं का तत्काल समाधान संभव था। उन्होंने यह भी बताया कि देर रात तक लोगों के फोन आते रहते हैं कि उनकी बिजली काट दी गई है। हेल्पलाइन नंबर 1912 या तो लगातार व्यस्त रहता है या फिर कोई कॉल नहीं उठाता, वहीं विद्युत विभाग के अधिकारी भी फोन नहीं उठाते, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है। गर्मी के मौसम में बिजली कटौती से स्थिति और गंभीर हो जाती है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विद्युत विभाग 15 दिनों के भीतर अपनी व्यवस्था में सुधार नहीं करता है, तो आरडब्ल्यूए द्वारा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर सुशील पाल, उत्तम चंद्रा, विकास कुमार, सुभाष शर्मा, विष्णु शर्मा सहित कई अन्य स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें