15वें दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का भव्य पोस्ट-फेस्टिवल अवॉर्ड समारोह संपन्न
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, रविवार 22 मई 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। राजधानी नई दिल्ली के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (IGNCA) में कला, कूटनीति और वैश्विक कहानियों के संगम के साथ 15वें दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (DIFF) के अंतर्गत एक बेहद भव्य और विशेष 'पोस्ट-फेस्टिवल अवॉर्ड इवेंट' का सफल आयोजन किया गया। संस्कृति मंत्रालय के सहयोग और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (IGNCA) की विशेष साझेदारी के साथ आयोजित इस महोत्सव ने 51 देशों की 178 फिल्मों के माध्यम से विश्व सिनेमा को एक नया मंच प्रदान किया। इस भव्य समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण यह रहा कि स्थापित सिनेमाई देशों के बीच ईरान, अल्जीरिया, बुल्गारिया और लातविया जैसे देशों की फिल्मों ने अपनी बेहतरीन कहानियों, संवेदनशील सामाजिक विषयों और उच्च तकनीकी स्तर से हर किसी को चौंका दिया और मुख्य पुरस्कारों पर अपना कब्जा जमाया। पुरस्कारों के वितरण में लघु फिल्म खंड के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अप्रत्याशित और चौंकाने वाली प्रतिभाएं सामने आईं, जिसमें प्रतिभाशाली फिल्म निर्देशक यूसुफ बेन घानेम द्वारा निर्देशित अल्जीरियाई शॉर्ट फिल्म 'दामू की' ने अपनी गहरी कहानी से सबको चौंकाया और फिल्म को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया। इस सम्मान को अल्जीरिया के महामहिम राजदूत अली अचौई, प्रथम सचिव अब्देलली बुइलोटा, अताशे अब्देसेलम बेनारबा और श्रीमती अस्मा बेनारबा ने मंच पर ग्रहण किया। वहीं निर्देशक हुसैन फिरूज़ेह की बहुचर्चित कूर्दिश-फारसी फिल्म 'हैप्पी एंड' को सर्वश्रेष्ठ लघु फिल्म का पुरस्कार मिला, जिसे ईरानी दूतावास के द्वितीय सचिव मिस्टर ओमिद बाबेलियन ने स्वीकार किया। इसके साथ ही हिंदी शॉर्ट फिल्म 'गैया' के लिए निर्देशक अभय कपूर के काम को सराहा गया, जिसे इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के मीडिया कंट्रोलर अनुराग पुनेठा जी की गरिमामयी उपस्थिति में विशेष प्रोत्साहन मिला।
अंतरराष्ट्रीय और भारतीय सिनेमा पुरस्कार खंड में भी लातविया और बुल्गारिया के सिनेमा ने विशेष रूप से चौंकाया, जहां लातवियाई फिल्म 'लिटिल अन्ना' ने अपने बेहतरीन सामाजिक सरोकार से हर किसी को हैरान किया और इसके लिए निर्देशक उल्डिस गेब्रियल सिप्सट्स को बेस्ट सोशल फिल्म का अवार्ड मिला, जिसे लातविया दूतावास की चार्ज डी अफेयर्स व डिप्टी हेड ऑफ मिशन सुश्री इंगा स्क्रूज़माने ने ग्रहण किया। बुल्गारियाई सिनेमा ने अपनी विविधता और तकनीकी कौशल से सबको चौंकाते हुए दो बड़ी ट्राफियां अपने नाम कीं, जिसमें महामहिम राजदूत निकोले यानकोव की उपस्थिति में 'टू पुट इट माइल्डली' को बेस्ट एनीमेशन फिल्म और 'अन्ना' को बेस्ट फीचर फिल्म वर्ल्ड सिनेमा का मुख्य सम्मान मिला। इसी तरह बांग्लादेश की फिल्म 'मानुषेर बागान' के लिए निर्देशक नूरुल आलम अतीक को बेस्ट फीचर सोशल सब्जेक्ट का अवार्ड बांग्लादेश उच्चायोग के महामहिम एम रियाज़ हमीदुल्ला और सुश्री सामिया इसरत रोनी की उपस्थिति में मंच पर प्रदान किया गया। रूसी फिल्मों का भी दबदबा रहा, जिसमें 'हॉर्न एंड आइवरी' के लिए डारिया गवरुशिनो को बेस्ट रशियन एक्ट्रेस का अवार्ड दिया गया और इलियास दाउदी निर्देशित फिल्म 'The Blind' को जूरी चॉइस अवार्ड मिला, जिसे रूसी दूतावास के प्रेस-सचिव मिस्टर पेट्र सिज़ोव ने ग्रहण किया। स्लोवाकिया के निर्देशक इवो ट्रैजकोव की फिल्म 'The Ballad of Piargy' को बेस्ट हिस्टोरिकल फीचर फिल्म का अवार्ड मिला, जिसे स्लोवाक राजदूत महामहिम रॉबर्ट मैक्सियन की उपस्थिति में सेलिब्रेट किया गया।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें