कश्यप मल्हार निषाद एकता मंच की बैठक संपन्न
शिक्षा के लिए परामर्श केंद्र खोलने की घोषणा
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, मंगलवार 9 जून 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। कश्यप मल्हार निषाद एकता मंच, दिल्ली द्वारा पूर्वी दिल्ली स्थित साहू इंटरनेशनल पब्लिक विद्यालय में समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों की एक विशाल बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंच के महामंत्री श्री नरेश कश्यपी ब्रिजवासी ने की। बैठक में समाज के उत्थान, संगठन की मजबूती एवं शिक्षा के प्रसार को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर श्री ओमपाल कश्यप, श्री गुरुचरण सिंह कश्यप तथा श्री सुनील कश्यप सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने समाज हित से जुड़े अपने विचार रखे। कार्यक्रम में अखिल भारतीय आदिवासी कश्यप निषाद भोई संघर्ष समिति, दिल्ली प्रांत के अध्यक्ष डॉ. अवतार सिंह को समाज के लिए किए जा रहे सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में डॉ. अवतार सिंह ने समाज के अभिभावकों से बच्चों को अधिक से अधिक शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने घोषणा की कि उत्तर दिल्ली में शीघ्र ही एक शैक्षिक परामर्श एवं मार्गदर्शन केंद्र स्थापित किया जाएगा। इस केंद्र में सप्ताह में चार दिन विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को शिक्षा, करियर और अन्य शैक्षिक समस्याओं के समाधान हेतु नि:शुल्क परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र में समाज के अनुभवी वकील, प्रोफेसर, शिक्षक एवं अन्य विशेषज्ञ अपनी सेवाएं देंगे, जिससे समाज के बच्चों को उचित मार्गदर्शन मिल सके और वे शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकें। बैठक का समापन समाज में शिक्षा, एकता और जागरूकता बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें