यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का शंखनाद, उद्घाटन समारोह के टिकट लॉन्च
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, मंगलवार 21 जुलाई 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), लखनऊ। उत्तर प्रदेश में क्रिकेट के सबसे बड़े उत्सव यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का भव्य आगाज़ सोमवार को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने लीग के उद्घाटन समारोह के टिकट लॉन्च कर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया। 14 अगस्त को होने वाला उद्घाटन समारोह मनोरंजन और खेल का अनूठा संगम होगा। समारोह में विश्वविख्यात सितार वादक ऋषभ रिखीराम शर्मा अपनी सुरमयी प्रस्तुति देंगे, जबकि लोकप्रिय गायिका जैस्मीन सैंडलास अपनी दमदार परफॉर्मेंस से दर्शकों को झूमने पर मजबूर करेंगी। इसके साथ ही अत्याधुनिक ड्रोन शो, रंग-बिरंगी आतिशबाजी और शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां समारोह को ऐतिहासिक बना देंगी। कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध खेल एंकर जतिन सप्रू करेंगे। आयोजकों ने उद्घाटन समारोह के लिए 4,000 टिकट विशेष रियायती दरों पर जारी किए हैं। अपर ब्लॉक की टिकट 349 रुपये तथा लोअर विंग की टिकट 499 रुपये निर्धारित की गई है। टिकट ई-डिस्ट्रिक्ट' ऐप पर भी उपलब्ध रहेंगे और इनका वितरण *पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर किया जाएगा।
मुख्य अतिथि अवनीश अवस्थी*ने कहा कि उत्तर प्रदेश खेलों, विशेषकर क्रिकेट के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार लीग में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार की खेल विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए बताया कि लीग के समापन के बाद कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम का नवीनीकरण किया जाएगा। इसके अलावा वाराणसी का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम जल्द प्रदेश को समर्पित होगा, जबकि गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास पहले ही किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश आधुनिक खेल अधोसंरचना का प्रमुख केंद्र बनेगा। अवनीश अवस्थी ने महिला क्रिकेट लीग शुरू करने का भी सुझाव देते हुए कहा कि यूपी टी-20 लीग की तर्ज पर महिला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना चाहिए, जिसमें शुरुआती चरण में कम से कम चार टीमें शामिल हों। उन्होंने कानपुर की टीम को शामिल करने का भी सुझाव दिया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस पर **यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस दिशा में गंभीरता से विचार किया जाएगा।
अपन संबोधन में अवनीश अवस्थी ने पैरालंपिक कांस्य पदक विजेता एवं विश्व चैंपियनशिप स्वर्ण पदक विजेता पैरा तीरंदाज शीतल देवी के संघर्ष और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपने अदम्य साहस और प्रतिभा से पूरे देश को गौरवान्वित किया है तथा युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हैं। स्वागत भाषण में डॉ. संजय कपूर ने बताया कि पहली बार यूपी टी-20 लीग का आयोजन दो शहरों में किया जा रहा है। पहला चरण 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां उद्घाटन समारोह सहित 22 मुकाबले होंगे। इसके बाद 28 अगस्त से कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में दूसरा चरण आयोजित होगा, जहां 12 मैच खेले जाएंगे। लीग का फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को कानपुर में भव्य समापन समारोह के साथ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, इकाना स्टेडियम के सीएमडी उदय सिन्हा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंकित चटर्जी, मीडिया मैनेजर मोहम्मद फहीम, गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। यूपी टी-20 लीग का चौथा संस्करण इस बार केवल क्रिकेट का रोमांच ही नहीं, बल्कि खेल, संस्कृति और मनोरंजन का भव्य उत्सव बनकर उत्तर प्रदेश के खेल इतिहास में नई पहचान बनाने को तैयार है।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें