श्रावण मास के अंतिम सोमवार को ब्रह्मचारी कुटी में गूंजा ‘हर-हर महादेव
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक, हवन-पूजन के बाद हुआ प्रसाद वितरण
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, मंगलवार 25 अगस्त 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), गौतमबुध नगर। श्रावण मास के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर सेक्टर-82 स्थित प्राचीन तपोभूमि ब्रह्मचारी कुटी में भगवान शिव का विशेष रुद्राभिषेक श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम महंत ओम भारती महाराज के सानिध्य में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रातः 4:30 बजे आचार्य अमित दीक्षित के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दुग्धधारा से भगवान शिव का रुद्राभिषेक कराया गया। इसके बाद भगवान शिव एवं पूरे शिव परिवार की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ को बिल्व पत्र और मदार के पुष्प अर्पित किए तथा उनका विशेष श्रृंगार किया। रुद्राभिषेक के उपरांत विधि-विधान से हवन-यज्ञ किया गया। इसके बाद भगवान शिव की आरती हुई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे परिसर में भगवान शिव के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर राघवेंद्र दुबे ने कहा कि भगवान शिव परम कल्याणकारी हैं। उनकी आराधना से मनुष्य के दैहिक, दैविक और भौतिक तापों का शमन होता है। उन्होंने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की उपासना के लिए विशेष माना जाता है और इस दौरान श्रद्धा एवं भक्ति से की गई पूजा का विशेष पुण्य फल प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि रुद्राभिषेक के माध्यम से भगवान शिव से समस्त जीवों के कल्याण, सुख-शांति, समृद्धि और विश्व मंगल की प्रार्थना की गई। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ आपसी प्रेम, सद्भाव और सेवा की भावना को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में विकास भारती, सुशील पाल, अशोक कुमार, ओम कुमार, अनमोल झा सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर परिवार एवं समाज के सुख-समृद्धि की कामना की। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से ब्रह्मचारी कुटी का वातावरण देर तक शिवमय बना रहा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें