हमारी कहानियां हमारा भविष्य के साथ नई दिल्ली में सजेगा ब्रिक्स थिएटर फेस्टिवल
9 देशों के कलाकार होंगे शामिल, 12 से 14 अक्टूबर तक चार प्रमुख सभागारों में होंगी अंतरराष्ट्रीय नाट्य प्रस्तुतियां
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, शुक्रवार 25 सितम्बर 2026 (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत संस्कृति मंत्रालय द्वारा ब्रिक्स थिएटर फेस्टिवल 2026 का आयोजन 12 से 14 अक्टूबर तक नई दिल्ली में किया जाएगा। हमारी कहानियां, हमारा भविष्य थीम पर आधारित यह तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय महोत्सव विभिन्न देशों की नाट्य परंपराओं, समकालीन रंगमंच और सांस्कृतिक विविधता को एक मंच पर लाएगा। संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल, आईएएस ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि महोत्सव में भारत, थाईलैंड, इंडोनेशिया, रूस, वियतनाम, ईरान, दक्षिण अफ्रीका, कजाकिस्तान और इथियोपिया सहित 9 देशों के थिएटर कलाकार, विशेषज्ञ, विद्यार्थी और रंगकर्मी भाग लेंगे। आयोजन में 100 से अधिक कला-प्रेमियों और प्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी। महोत्सव का उद्घाटन 12 अक्टूबर को राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) परिसर में होगा। नई दिल्ली के अभिमंच ऑडिटोरियम, सम्मुख सभागार, कमानी सभागार, एलटीजी सभागार और मेघदूत थिएटर में विभिन्न देशों की नाट्य प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। दर्शकों के लिए टिकट BookMyShow पर 200 रुपये की दर से उपलब्ध होंगे।
ब्रिक्स थिएटर फेस्टिवल में क्लासिकल, समकालीन और प्रयोगात्मक रंगमंच की प्रस्तुतियों के साथ कलाकारों और दर्शकों के बीच संवाद को भी प्रमुखता दी जाएगी। प्रस्तुतियों के बाद इंटरैक्टिव वर्कशॉप और चर्चा सत्र होंगे, जिनमें निर्देशक, कलाकार और तकनीकी दल प्रस्तुति की अवधारणा, अभिनय शैली, स्टेजक्राफ्ट और तकनीकी पक्षों पर चर्चा करेंगे। दर्शकों को सवाल-जवाब और रचनात्मक संवाद का अवसर भी मिलेगा। संस्कृति मंत्रालय के अनुसार, भारत की 2026 की ब्रिक्स अध्यक्षता का व्यापक विषय सुदृढ़ता, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के लिए निर्माण’ है। इसी संदर्भ में ब्रिक्स कल्चर ट्रैक के तहत सांस्कृतिक एवं रचनात्मक उद्योगों में सहयोग, कॉपीराइट और डिजिटल इनोवेशन, एआई, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा जलवायु-सुदृढ़ता और सतत विकास में संस्कृति की भूमिका जैसे विषयों पर भी सहयोग को आगे बढ़ाया जा रहा है। महोत्सव का उद्देश्य विभिन्न देशों के रंगकर्मियों के बीच कलात्मक आदान-प्रदान, आपसी सीख, पेशेवर नेटवर्किंग और दीर्घकालिक सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देना है। संस्कृति मंत्रालय के अधीन स्वायत्त संस्था राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) इस अंतरराष्ट्रीय महोत्सव की नोडल एजेंसी के रूप में आयोजन को संचालित करेगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें