अशोक विहार में 11 अक्टूबर से गूंजेगा श्रीराम का जयघोष, तकनीक और परंपरा के संगम से सजेगी भव्य रामलीला
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, शुक्रवार 9 अक्टूबर 2026 (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। अशोक विहार रामलीला कमेटी फेज-1 की ओर से 11 से 20 अक्टूबर 2026 तक अशोक विहार फेज-4 स्थित मेजर ध्यानचंद स्टेडियम के पास रामलीला मैदान में भव्य रामलीला का मंचन किया जाएगा। संवाददाता सम्मेलन में अशोक विहार रामलीला कमेटी फेज-1 के कार्यकारी प्रधान श्री डॉ महेंद्र नागपाल ने बताया कि लगातार लीला मंचन के लिए तीन मंच तैयार किए गए हैं। आधुनिक तकनीक से कम्प्यूटरीकृत लाइट और साउंड का इस्तेमाल होगा। रामलीला में आकाश में उड़ते हनुमान, सीता हरण, युद्ध के दृश्य, अग्निबाण की चिनगारियां, पुष्पवर्षा, बारिश, समुद्र, कोहरे और जंगल के प्राकृतिक दृश्यों को विशेष तकनीक से प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्य मंच को अयोध्या के राम मंदिर का स्वरूप दिया गया है जिसे मथुरा के कलाकारों ने सजाया है। रामचरितमानस की चौपाइयों के साथ अनुभवी कलाकारों की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी।
अशोक विहार रामलीला कमेटी फेज-1 के कोषाध्यक्ष श्री प्रमोद कोहली ने बताया रामलीला स्थल पर जनक बाजार में पुरानी दिल्ली की चाट, गोलगप्पे, छोले-भटूरे, कुल्फी, सरसों का साग-मक्की की रोटी सहित हरियाणवी और राजस्थानी व्यंजनों की व्यवस्था रहेगी। बच्चों के लिए झूले, बोटिंग, ऊंट की सवारी और जादू का कार्यक्रम भी होगा। सुरक्षा के लिए सुरक्षा गार्ड और मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे। उन्होंने आगे बताया कमेटी की ओर से स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण, पौधारोपण, जल संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति का संदेश भी दिया जाएगा। नई पीढ़ी को रामलीला और भारतीय संस्कृति से जोड़ने के लिए लोकप्रिय संवादों एवं दृश्यों की छोटी रील बनाकर डिजिटल माध्यमों पर प्रसारित करने की योजना है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें