क्रिप्टो और वेब3 की दौड़ में भारत पिछड़ा, आसियान देशों ने तेज किए कदम

शब्दवाणी सम्माचार टीवी, मंगलवार 24 नवंबर 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। क्रिप्टोकरेंसी और वेब3 तकनीक के वैश्विक विस्तार के बीच दक्षिण-पूर्व एशिया के देश डिजिटल एसेट्स के लिए मजबूत कानूनी और कारोबारी ढांचा तैयार करने में जुटे हैं। वियतनाम, थाईलैंड, सिंगापुर, मलेशिया और इंडोनेशिया ने इस दिशा में ठोस कदम उठाते हुए लाइसेंसिंग, कर व्यवस्था, स्टेबलकॉइन और डिजिटल लेनदेन को लेकर नए प्रावधान किए हैं। इसके विपरीत, क्रिप्टो अपनाने के मामले में अग्रणी भारत अब भी व्यापक नियामक ढांचे और स्पष्ट नीतियों के इंतजार में है। वियतनाम ने 1 जनवरी 2026 से डिजिटल टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री कानून लागू कर क्रिप्टो एसेट्स को संपत्ति के रूप में कानूनी मान्यता दी है। इसके तहत लाइसेंस प्राप्त क्रिप्टो ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के लिए पांच वर्षीय पायलट योजना भी शुरू की गई। सरकार ने डिजिटल एसेट कारोबार पर वैट से छूट देते हुए कंपनियों के मुनाफे पर 20 प्रतिशत और व्यक्तिगत लेनदेन पर 0.1 प्रतिशत टैक्स निर्धारित किया है। थाईलैंड ने क्रिप्टो के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए टूरिस्टडिजीपे योजना शुरू की है। इसके तहत विदेशी पर्यटक लाइसेंस प्राप्त प्लेटफॉर्मों के जरिए अपनी डिजिटल करेंसी को थाई बहत में बदलकर क्यूआर कोड से भुगतान कर सकते हैं। वहीं, लाइसेंस प्राप्त प्लेटफॉर्मों पर क्रिप्टो बिक्री से होने वाले मुनाफे पर 2029 के अंत तक व्यक्तिगत आयकर में छूट दी गई है।

सिंगापुर भी स्टेबलकॉइन और टोकनाइजेशन के क्षेत्र में नियामक व्यवस्था मजबूत कर रहा है। वहां की मौद्रिक प्राधिकरण ने स्टेबलकॉइन जारी करने वाली कंपनियों के लिए लाइसेंस, मूल्य की गारंटी और उपभोक्ता संरक्षण से जुड़े नियमों को कानूनी आधार देने की पहल की है। मलेशिया ने क्रिप्टो एक्सचेंजों के दिशा-निर्देश संशोधित किए हैं, जबकि इंडोनेशिया और फिलीपींस ने डिजिटल एसेट कारोबार की निगरानी तथा लाइसेंसिंग व्यवस्था को मजबूत किया है। आसियान देशों की इन पहलों के बीच भारत की स्थिति अलग नजर आती है। चेनालिसिस के ग्लोबल क्रिप्टो एडॉप्शन इंडेक्स में भारत लगातार कई वर्षों से शीर्ष स्थान पर रहा है, लेकिन यहां क्रिप्टो कारोबार के लिए अब तक अलग व्यापक कानून नहीं है। मौजूदा व्यवस्था में क्रिप्टो से होने वाले मुनाफे पर 30 प्रतिशत टैक्स और प्रत्येक ट्रांसफर पर 1 प्रतिशत टीडीएस लगाया जाता है। इसकी तुलना में वियतनाम में व्यक्तिगत लेनदेन पर 0.1 प्रतिशत टैक्स निर्धारित किया गया है। भारतीय क्रिप्टो उद्योग के सामने टैक्स के अलावा निवेशकों के डिजिटल एसेट्स की सुरक्षा, एक्सचेंजों की जवाबदेही, पारदर्शिता और कारोबार के संचालन से जुड़े स्पष्ट नियमों की चुनौती भी है। संसद की वित्त संबंधी स्थायी समिति ने जुलाई में उद्योग के लिए स्व-नियामक संस्था के माध्यम से अंतरिम व्यवस्था बनाने की सिफारिश की थी। इसके बाद उद्योग स्तर पर ऐसी संस्था स्थापित की गई है। दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों की सक्रियता ने भारत के सामने नीतिगत चुनौती खड़ी कर दी है। देश में तकनीकी प्रतिभा, बड़ा डिजिटल बाजार और क्रिप्टो उपयोगकर्ताओं का मजबूत आधार होने के बावजूद स्पष्ट नीतियों का अभाव इस क्षेत्र के विकास को प्रभावित कर सकता है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि भारत डिजिटल एसेट्स के लिए पारदर्शी कानून, व्यावहारिक कर व्यवस्था और निवेशक संरक्षण का ढांचा कब तैयार करता है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

असंगठित श्रमिकों के अधिकारों पर राष्ट्रीय मंथन

दीपावली मिलन समारोह 2026 एवं रामलीला आयोजकों को रिफ्रेश दश्हरा महामुकाबला पुरस्कार 2026 का वितरण की फोटो और वीडियो

प्रदूषण कम करने में किसानो का बड़ा योगदान होगा : बंकरमैन श्रीपाल