शहीद भगत सिंह पार्क में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्पित किया अर्घ्य
पूर्वांचल मित्र मंडल छठ पूजा समिति के छठ महोत्सव में भक्ति और संस्कृति का दिखा अद्भुत संगम, छठी मैया के गीतों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, सोमवार 16 नवंबर 2026, (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), गौतमबुद्ध नगर। लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर गौतमबुद्ध नगर के सेक्टर-31 स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पूर्वांचल मित्र मंडल छठ पूजा समिति द्वारा आयोजित छठ पूजा महोत्सव में हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। छठ महोत्सव को लेकर शहीद भगत सिंह पार्क स्थित छठ घाट को विशेष रूप से सजाया गया था। रंग-बिरंगी तोरण-पताकाओं, आकर्षक सजावट और फूलों से पूरे घाट परिसर को भव्य रूप दिया गया। श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए घाट में गंगाजल के साथ गुलाब की पंखुड़ियां भी डाली गईं। शाम होते-होते पूरा परिसर छठी मैया के पारंपरिक गीतों, भक्ति संगीत और जयकारों से गूंज उठा। व्रतधारी महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पूजा की सामग्री से सजे दउरे लेकर घाट पहुंचीं। कई श्रद्धालु अपनी मनोकामना और अटूट श्रद्धा के प्रतीक स्वरूप दंडवत करते हुए छठ घाट तक पहुंचे। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था और भावुकता का क्षण बन गया। पूजा-अर्चना के उपरांत नामचीन गायक कलाकारों ने छठी मैया के पारंपरिक एवं भक्तिमय गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। देर रात तक चले भक्ति संगीत कार्यक्रम में श्रद्धालु छठी मैया के भजनों पर झूमते नजर आए। पूरे आयोजन ने पूर्वांचल की लोक संस्कृति, धार्मिक परंपरा और सामाजिक एकता की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की।
इस अवसर पर समिति के महासचिव राघवेंद्र दुबे ने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति प्रेम, कृतज्ञता, अनुशासन और समर्पण का अनूठा पर्व है। यह एकमात्र ऐसा महापर्व है, जिसमें अस्त होते सूर्य को भी पूरी श्रद्धा के साथ अर्घ्य दिया जाता है। इसके पीछे जीवन का गहरा संदेश छिपा है कि जो आज अस्त हो रहा है, उसका कल पुनः उदय भी होगा। छठ महापर्व हमें हर परिस्थिति में सकारात्मकता, धैर्य और आस्था बनाए रखने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यमंत्री कैप्टन विकास गुप्ता, विधायक पंकज सिंह सहित अनेक गणमान्य लोगों ने उपस्थिति दर्ज कराई। आयोजन में संयोजक अर्जुन प्रजापति, अध्यक्ष राजेश कुमार, महासचिव राघवेंद्र दुबे, अशोक चौहान, बबलू चौहान, सुधीर राय, तरुण कुमार, जय प्रकाश गुप्ता, मंगल ठाकुर, मयंक सिंह, अमित भाटी, बाबू प्रधान, सुमित अम्बावत, श्रीपाल प्रधान, कमल यादव और टीटू यादव सहित समिति के तमाम पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूर्वांचल मित्र मंडल छठ पूजा समिति के इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने छठ महापर्व की लोकप्रियता और जनमानस में इसकी गहरी आस्था को एक बार फिर प्रदर्शित किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें