दिल्ली के व्यापार को बाधित करने पर कैट ने राहुल गांधी को लिखा पत्र
पांच तीखे सवाल उठाए, दिवाली के बाद देशभर में मनाया जाएगा ‘धिक्कार दिवस
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, शुक्रवार 6 नवंबर 2026 (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), नई दिल्ली। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने दिल्ली में राजनीतिक रैलियों, धरनों और प्रदर्शनों के कारण व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होने पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को कड़ा पत्र लिखकर जवाबदेही तय करने की मांग की है। कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया ने कहा कि राजनीतिक प्रदर्शनों के कारण दिल्ली के बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जिससे व्यापारियों, दुकानदारों और छोटे कारोबारियों की आजीविका पर असर पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राहुल गांधी स्थानीय बाजारों से खरीदारी की अपील करते हैं, तो बाजारों तक ग्राहकों की पहुंच बाधित करने वाले प्रदर्शनों का समर्थन कैसे कर सकते हैं? कैट ने पत्र में पांच प्रमुख सवाल उठाते हुए पूछा है कि क्या प्रदर्शन का अधिकार व्यापार और आजीविका के अधिकार से बड़ा है? प्रदर्शनों से होने वाले आर्थिक नुकसान की जिम्मेदारी कौन लेगा और क्या राजनीतिक दल इसकी भरपाई करेंगे? भरतिया ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन का अधिकार सभी को है, लेकिन इसके नाम पर दूसरों की रोजी-रोटी प्रभावित करना उचित नहीं है। उन्होंने व्यापारियों को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उनके अधिकारों के सम्मान की मांग की। कैट ने घोषणा की है कि दिवाली के बाद नई दिल्ली में देशभर के प्रमुख व्यापारिक नेताओं की बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें आगे की रणनीति तय होगी और देशभर में ‘धिक्कार दिवस’ मनाने की तारीख घोषित की जाएगी।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें