छठ महापर्व पर SUN NEO की अनूठी पहल, 12 लाख से अधिक श्रद्धालुओं तक पहुंचा सेवा अभियान
पटना सहित प्रमुख छठ घाटों पर विश्राम स्थल, महिला चेंजिंग रूम और शिशु फीडिंग रूम की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं को दी राहत
शब्दवाणी सम्माचार टीवी, शुक्रवार 27 नवंबर 2026 (प्रबंध सम्पादकीय श्री अशोक लालवानी 8803818844), पटना। लोकआस्था के महापर्व छठ पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के लिए टेलीविजन चैनल SUN NEO ने सराहनीय पहल की। बिहार में करीब 5.50 करोड़ श्रद्धालुओं और 10 हजार से अधिक घाटों पर आयोजित छठ महापर्व के दौरान चैनल ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराईं। इस अभियान के माध्यम से चैनल ने धार्मिक आयोजन में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं की जरूरतों को प्राथमिकता दी। इस पहल के तहत 9,000 वर्ग फुट में विशेष विश्राम स्थल बनाए गए जहां श्रद्धालुओं को आराम करने और पूजा की तैयारी करने की सुविधा मिली। इन स्थलों की पहचान आसान बनाने के लिए तीन बड़े हीलियम गुब्बारे और 30 दिशासूचक बोर्ड लगाए गए। यह व्यवस्था पटना के कॉलेज घाट, बड़गांव सूर्य मंदिर और औरंगाबाद के देव सूर्य मंदिर में की गई।
महिला श्रद्धालुओं की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए तीन घाटों पर 18 विशेष चेंजिंग रूम बनाए गए। इसके अतिरिक्त कृष्णा घाट, गांधी घाट, काली घाट और हरिहरनाथ घाट पर भी चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई। नवजात शिशुओं की माताओं के लिए छह विशेष फीडिंग रूम बनाए गए, ताकि वे स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में बच्चों को स्तनपान करा सकें। श्रद्धालुओं के बीच 15 हजार आरती पुस्तिकाओं का वितरण भी किया गया। घाटों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से भक्ति गीतों का प्रसारण किया गया। इसके अलावा प्राथमिक चिकित्सा किट और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों का भी ध्यान रखा गया। SUN NEO की इस पहल का उद्देश्य छठ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के साथ आने वाले परिवारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा। चैनल के अनुसार, इस अभियान को 12 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच मिली। मनोरंजन जगत से आगे बढ़कर सामाजिक सरोकारों से जुड़ने की यह पहल दर्शाती है कि जनसंचार माध्यम धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और जनसुविधाओं के विस्तार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। SUN NEO ने 'दिल से जियो' के संदेश के साथ आस्था के इस महापर्व में सेवा और सहभागिता का परिचय दिया।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें